मिडिल ईस्ट में जंग का दायरा अब तेजी से फैलता जा रहा है. इसी बीच सोमवार को एक बड़ी घटना घटी, जब ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल सीधे तुर्की की हवाई सीमा में घुस गई. हालांकि, तुरंत अलर्ट हो चुके नाटो (NATO) की सुरक्षा प्रणालियों ने इस मिसाइल को आसमान में ही नष्ट कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. यह पांच दिनों में तुर्की की सीमा में दाखिल होने वाली दूसरी ईरानी मिसाइल है.
तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने इस घटना की पुष्टि की है. उनके मुताबिक, ईरान से दागी गई यह मिसाइल पूर्वी भूमध्य सागर (Eastern Mediterranean) के ऊपर से तुर्की की तरफ बढ़ रही थी. इससे ठीक पहले नाटो की हवाई रक्षा प्रणाली ने इसे ट्रैक किया और उसे नष्ट कर दिया. अगर नाटो की सेना सतर्क नहीं होती, तो यह मिसाइल तुर्की के किसी शहर या गांव पर गिर सकती थी, जिससे भारी तबाही हो सकती थी.
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल के कुछ टुकड़े तुर्की के गाजियांटेप (Gaziantep) शहर के पास खुले इलाके में गिरे. यह इलाका अदाना (Adana) शहर से करीब 200 किलोमीटर पूर्व में है. खुशकिस्मती रही कि इन टुकड़ों से किसी तरह के जानी नुकसान की खबर नहीं है. इस मिसाइल को सबसे पहले इंसिरलिक एयरबेस (Incirlik Airbase) पर तैनात स्पेनिश सैनिकों ने भांप लिया था. यह एयरबेस अदाना शहर से महज 10 किलोमीटर दूर है और नाटो का अहम ठिकाना है.
इस घटना के बाद अमेरिका हरकत में आ गया है. अमेरिकी दूतावास ने तुरंत अदाना में स्थित अपने वाणिज्य दूतावास को बंद कर दिया और वहां के जरूरी कर्मचारियों को वहां से हटाने का आदेश दिया. इसके साथ ही अमेरिकी विदेश विभाग ने तुर्की के दक्षिण-पूर्वी इलाके में रह रहे अपने सभी नागरिकों से तुरंत वह इलाका छोड़ने को कहा है. उनका कहना है कि वहां सुरक्षा को लेकर बड़ा खतरा है.
दरअसल, अमेरिका और इजराइल ईरान पर लगातार हमले कर रहे हैं. इसके जवाब में ईरान ने भी मिसाइल और ड्रोन हमले तेज कर दिए हैं. तुर्की, जहां अमेरिका के कई सैनिक ठिकाने हैं, अब तक सीधे निशाने पर आने से बचा हुआ था लेकिन लगातार दूसरी बार उसकी सीमा में मिसाइल घुसने से यह आशंका बढ़ गई है कि जंग अब तुर्की की जमीन पर भी दस्तक दे सकती है. तुर्की के एक अधिकारी ने ईरान से साफ कहा है कि वह ऐसी कार्रवाई न करे, जिससे आम नागरिकों की जान को खतरा हो.