इजरायल और गाजा के बीच का पहला चरण पूरा हो चुका है. हालांकि इसके बाद भी छिटपुट बमबारी की घटनाएं होती रहती हैं. इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है. इजरायल ने गाजा में हमास की सैन्य शाखा के नव नियुक्त प्रमुख मोहम्मद ओदेह को निशाना बनाते हुए एक बड़ा हवाई हमला किया. जिसमें हमास कमांडर मोहम्मद ओदेह की मौत हो गई.
इजरायल की ओर से इस हमले से 11 दिन पहले किए गए हमले में हमास के पुराने कमांडर इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद की मौत हो गई थी. जिसके बाद से इलाके में तनाव बढ़ गया था. इसके बाद अब मंगलवार की शाम इजरायली वायुसेना की ओर से गाजा सिटी के पश्चिमी इलाके रिमाल में एयरस्ट्राइक की गई.
गाजा की सिविल डिफेंस एजेंसी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 20 अन्य घायल हो गए. हालांकि अभी तक हमास की ओर से इस हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. इजरायली सरकार ने भी मोहम्मद ओदेह की मौत की पुष्टि नहीं की है, हालांकि इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि खुफिया जानकारी के मुताबिक हमला सफल रहा और लक्षित व्यक्ति मारा गया.
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने संयुक्त बयान जारी कर मोहम्मद ओदेह को 7 अक्टूबर 2023 के हमलों के दौरान हमास की खुफिया शाखा का प्रमुख बताया. दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि ओदेह इजरायली नागरिकों और सैनिकों की हत्या, अपहरण तथा अन्य हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने में काफी एक्टिव था.
सऊदी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोहम्मद ओदेह, अल-हद्दाद का करीबी सहयोगी था. हमास के वरिष्ठ नेताओं की मौत के बाद उसने संगठन को फिर से मजबूती से खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई थी. जानकारी के मुताबिक जब मई 2025 में सिनवार की मौत हुई तब ओदेह को अल-कस्साम ब्रिगेड का नेतृत्व सौंपने का प्रस्ताव मिला था, हालांकि उसने उस वक्त उसे स्वीकार नहीं किया, लेकिन बाद में जिम्मेदारी दी गई. इजरायल द्वारा 2025 में किए गए एक हमले में ओदेह के बड़े बेटे अम्र की मौत हो गई थी. इजरायली अधिकारियों की ओर से कई बार यह कहा गया है कि 7 अक्टूबर 2023 के हमलों में शामिल हर व्यक्ति को ढूंढकर जवाबदेह बनाया जाएगा.