menu-icon
India Daily

पाटीदार ने कर दिया कमाल! लगातार दूसरी बार RCB को दिलाया फाइनल टिकट, हार्दिक पांड्या वाली लिस्ट में शामिल

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान ने बिलकुल रॉयल तरीके से अपनी टीम को पहले क्वालिफायर में जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचाया है. इसके साथ ही पाटीदार ने RCB को IPL के पांचवें फाइनल में पहुंचाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
पाटीदार ने कर दिया कमाल! लगातार दूसरी बार RCB को दिलाया फाइनल टिकट, हार्दिक पांड्या वाली लिस्ट में शामिल
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: मंगलवार की शाम रजत पाटीदार के नाम रही. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान ने बिलकुल रॉयल तरीके से अपनी टीम को पहले क्वालिफायर में जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचाया है. पाटीदार ने कल अपनी टीम के लिए कप्तानी पारी खेलते हुए 93 नाबाद रन बनाए. 

इसके साथ ही पाटीदार ने RCB को IPL के पांचवें फाइनल में पहुंचाकर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया. पाटीदार की कप्तानी में, आरसीबी ने क्वालीफायर 1 में HPCA स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स को करारी शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार फाइनल में प्रवेश किया.

लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंची RCB

यह पहली बार है जब RCB लगातार दूसरी बार IPL फाइनल में पहुंच रही है, इससे पहले वे तीन बार 2009, 2011 और 2016 फाइनल में पहुंचे थे. पाटीदार ने कप्तानी के कई रिकॉर्ड बनाए, जो उनके और उनकी टीम के लिए एक यादगार रात थी.

हार्दिक के साथ विशेष सूची में शामिल हुए पाटीदार

RCB के कप्तान, जिन्होंने 33 गेंदों में नाबाद 93 रन बनाए, कप्तानी के पहले दो सीजन में लगातार दो फाइनल में अपनी टीम को पहुंचाने वाले दूसरे कप्तान बन गए हैं. इससे पहले हार्दिक पांड्या ने यह उपलब्धि हासिल की थी, जब उन्होंने 2022 और 2023 में गुजरात टाइटन्स को लगातार IPL फाइनल में पहुंचाया था, जो IPL कप्तान के रूप में उनके पहले दो सीजन थे.

पाटीदार ने 2025 में फाफ डु प्लेसिस से आरसीबी की कमान संभाली, इससे पहले उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां उन्होंने मध्य प्रदेश को 2024 में फाइनल तक पहुंचाया था. उन्होंने आईपीएल 2025 में फ्रेंचाइजी को 18 साल के लंबे खिताब के इंतजार को खत्म करने में मदद की. 

बतौर RCB कप्तान दर्ज किया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पाटीदार एकमात्र ऐसे आरसीबी कप्तान हैं जिन्होंने फ्रेंचाइजी को कई आईपीएल फाइनल में पहुंचाया है. अनिल कुंबले (2009), डेनियल वेटोरी (2011) और विराट कोहली (2016) ने यह उपलब्धि एक-एक बार हासिल की है. लेकिन कोई भी कप्तान आरसीबी को लगातार दो सीजन फाइनल पहुंचाने में नाकाम थे. लेकिन पाटीदार ने ये कारनामा कर ये अहम रिकॉर्ड अपने नाम किया.  

आरसीबी के कप्तान लगातार दो आईपीएल फाइनल में फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करने वाले पांचवें कप्तान भी हैं, और इस तरह वे एमएस धोनी , रोहित शर्मा , हार्दिक पांड्या और श्रेयस अय्यर जैसे दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं.

लगातार IPL फाइनल में टीमों का नेतृत्व करने वाले कप्तान

  • एमएस धोनी: 2010 से 2013 तक लगातार 4 फाइनल में CSK का नेतृत्व किया
  • रोहित शर्मा: उन्होंने 2019 और 2020 में MI को IPL फाइनल तक पहुंचाया
  • हार्दिक पांड्या: 2022 और 2023 में GT को IPL फाइनल तक पहुंचाया
  • श्रेयस अय्यर: 2024 और 2025 में KKR और PBKS को फाइनल तक पहुंचाया
  • रजत पाटीदार: RCB को 2025 और 2026 में फाइनल तक पहुंचाया

Topics