उत्तर प्रदेश में पड़ रही प्रचंड गर्मी के कारण बिजली की खपत बढ़ गई है. लोग लगातार अपने घरों में पंखा, कूलर और एसी का इस्तेमाल कर रहे हैं. जिसके कारण बिजली कटौती शुरू हो गई है. हालांकि इस गर्मी में बिजली कटौती की वजह से लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं और बिजली सबस्टेशनों को घेर कर बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे हैं.
बिजली की समस्या को देखते हुए राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में अधिकारियों के साथ हाई-लेवल मीटिंग की है. इस मीटिंग में उन्होंने पूरे राज्य में सुचारू रूप से बिजली देने का निर्देश दिया है. जिसके बाद बिजली विभाग की ओर से आम नागरिकों से कुछ खास अपील की गई है.
बिजली विभाग की ओर से कहा गया कि बिजली केवल तारों से नहीं आती बल्कि अनुशासन से आती है. विभाग की ओर से लोगों को अनावश्यक बिजली इस्तेमाल न करने की अपील की गई है. साथ ही AC को 24 डिग्री पर सेट करने को कहा गया है. इसके अलावा पानी पंप चलाने के लिए कम समय का इस्तेमाल करने को कहा गया है. सीएम योगी ने खुद लोगों से अपील की है कि बिजली केवल उतना ही इस्तेमाल करें जितनी जरूरी हो. सजावट के लिए लगाई गई लाइट्स का उपयोग ना करने को कहा गया है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि शहरों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. वहीं गांवों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा बिजली उत्पादन बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने और नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं.
वहीं बिजली विभाग की ओर से बिजली उपभोक्ताओं से यह भी अपील की गई है कि दिन के समय में अनावश्यक लाइटें, पंखे और एसी बंद रखें. साथ ही खराब वायरिंग या ढीले कनेक्शन को तुरंत ठीक करवाएं. इससे बिजली की खपत और भी ज्यादा बढ़ जाती है. कुल मिलाकर सभी नागरिकों को एक जिम्मेदार उपभोक्ता बनने और गर्मियों के दौरान बिना किसी रुकावट के बिजली आपूर्ति बनाए रखने में मदद करने की अपील की गई है