menu-icon
India Daily

तीन हफ्ते के लिए बढ़ाया गया इजरायल-लेबनान संघर्ष विराम, नेतन्याहू और आउन के बीच मुलाकात का संकेत

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक बार फिर से इजरायल और लेबनान में चल रहे संघर्ष पर एक बार फिर से विराम लगाने का ऐलान किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
तीन हफ्ते के लिए बढ़ाया गया इजरायल-लेबनान संघर्ष विराम, नेतन्याहू और आउन के बीच मुलाकात का संकेत
Courtesy: X (@Conflictory_X)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को घोषणा की कि इजरायल और लेबनान ने दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष विराम को तीन सप्ताह के लिए बढ़ाने का फैसला लिया है. यह फैसला वाशिंगटन के व्हाइट हाउस में ओवल ऑफिस में दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया.

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बैठक बहुत अच्छी रही. उनके आस-पास उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो मौजूद थे. राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और लेबनानी राष्ट्रपति जोसेफ आउन अगले कुछ हफ्तों में वाशिंगटन आ सकते हैं और एक-दूसरे से मुलाकात कर सकते हैं.

तीन सप्ताह के लिए कोई संघर्ष नहीं

ट्रंप ने दोनों नेताओं को महान लोग बताते हुए कहा कि वे पड़ोसी हैं लेकिन अब तक कभी एक-दूसरे से नहीं मिले हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह बैठक दोनों देशों के बीच शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है. राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया कि तीन सप्ताह के लिए गोलीबारी न करने यानी संघर्ष विराम पर सहमति बनी है. हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि हमें अभी भी हिज्बुल्लाह के बारे में सोचना होगा. उन्होंने ईरान से अपील की कि वह हिज्बुल्लाह को दी जाने वाली आर्थिक मदद बंद करे. क्योंकि यह क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए बेहद जरूरी है.

हिज्बुल्लाह को खत्म करने की मांग

इजरायल ने लेबनान से हिज्बुल्लाह को पूरी तरह निहत्था करने की मांग दोहराई है. इजरायल का कहना है कि हिज्बुल्लाह दोनों देशों के बीच शांति की सबसे बड़ी बाधा है. इजरायल ने यह भी कहा कि लेबनान का भविष्य संप्रभुता. स्वतंत्रता और ईरानी प्रभाव से मुक्ति वाला होना चाहिए. इजरायल और लेबनान दोनों ने संघर्ष विराम बढ़ाने में अमेरिका की भूमिका के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का आभार व्यक्त किया है.

अमेरिका में इजरायल के राजदूत येचिएल लाइटर ने कहा कि दोनों देश अब भविष्य में अपने बीच शांति को औपचारिक रूप देने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं. लेबनान की राजदूत नाडा हमादेह मोअवाद ने ट्रंप का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उनकी मदद से लेबनान को फिर से महान बनाया जा सकता है. उन्होंने ट्रंप के प्रसिद्ध नारे मेक अमेरिका ग्रेट अगेन का जिक्र करते हुए लेबनान के लिए भी इसी तरह की उम्मीद जताई. यह दूसरी बार है जब व्हाइट हाउस में इजरायल और लेबनान के राजदूत स्तर की बैठक हुई है.