menu-icon
India Daily

पैर की तीन सर्जरी, हाथों में चोट, चेहरा और होंठ भी झुलसा; ईरानी अधिकारियों ने बताया सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का हाल!

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमले में घायल हुए मोजतबा खामेनेई की वर्तमान हाल के बारे में पता चला है. ईरानी अधिकारियों ने उनके कंडीशन के बारे में बताया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
पैर की तीन सर्जरी, हाथों में चोट, चेहरा और होंठ भी झुलसा; ईरानी अधिकारियों ने बताया सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का हाल!
Courtesy: X (@MarioNawfal)

अमेरिका-इजरायल हमलों में अपने पिता की मौत के बाद सत्ता संभालने वाले ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई गंभीर चोटों से जूझ रहे हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, वे जिंदा हैं, होश में हैं और फैसले लेने में सक्रिय हैं, लेकिन शारीरिक हालत के कारण ज्यादातर समय बिस्तर पर रहते हैं. उनके चेहरे और होंठों पर गंभीर जलन के निशान हैं, जिससे वे आसानी से नहीं बोल पाते और हिल-डुलने में भी दिक्कत होती है.

अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी. इस हमले में उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए. छह हफ्ते बाद मोजतबा खामेनेई ने सुप्रीम लीडर का पद संभाला, लेकिन वे खुद भी इस हमले में बुरी तरह घायल हो गए हैं.

ईरानी अधिकारियों ने बताया खामेनेई का हाल

ईरान के चार वरिष्ठ अधिकारियों ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया कि मोजतबा खामेनेई के एक पैर पर तीन बार सर्जरी हो चुकी है और अब वे कृत्रिम अंग का इंतजार कर रहे हैं. उनके एक हाथ की भी सर्जरी हुई है, जिसमें धीरे-धीरे जान लौट रही है. चेहरे और होंठों पर गंभीर जलन के कारण बोलने में काफी परेशानी है.

डॉक्टरों का अनुमान है कि उन्हें चेहरे पर प्लास्टिक सर्जरी करवानी पड़ेगी. उनके आसपास डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ लगातार मौजूद हैं. राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन जो खुद हार्ट सर्जन हैं स्वास्थ्य मंत्री के साथ मिलकर उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं.

सुप्रीम लीडर बनने के बाद नहीं दिखें मोजतबा

सुप्रीम लीडर बनने के बाद मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे और न ही उनकी कोई ऑडियो या वीडियो मैसेज सामने आई है. आईआरजीसी के वरिष्ठ कमांडर और बड़े अधिकारी भी उनसे सीधे मिलने नहीं जाते. संदेशों का आदान-प्रदान हाथ से लिखे सीलबंद नोट्स के जरिए होता है. ये नोट्स भरोसेमंद संदेशवाहकों की एक गुप्त श्रृंखला के माध्यम से सड़क मार्ग से पहुंचाए जाते हैं, जवाब भी इसी तरीके से वापस आते हैं. चैथम हाउस की विशेषज्ञ सनम वकील ने कहा कि पूरी सत्ता अभी उनके हाथ में नहीं आई है. वे औपचारिक रूप से फैसलों पर मुहर लगाते हैं, लेकिन असल फैसले पहले से तय हो चुके होते हैं.