असम के पश्चिमी कार्बी आंगलोंग जिले में अपराध का एक बड़ा मामला सामने आया है. इस मामले ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है. 19 साल की एक लड़की ने अपनी ही 42 वर्षीय मां का सिर काटकर हत्या कर दी. इस मामले में क्रूरता की हद तब पार हो गई जब आरोपी युवती ने मां के कटे हुए सिर के साथ पूरी रात छिपकर बिताई.
यह मामला बुधवार रात करीब 10 बजे की है. डेरामुख लालुंग गांव के एक घर में यह वारदात हुई. आरोपी पूजा मलंग ने पहले अपनी मां अनुमाई मलंग का गला काटकर हत्या कर दी. जब पिता प्रेमेंद्र मलंग और बहन ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उन पर भी हमला बोल दिया गया. दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस के अनुसार, युवती ने घर के अंदर ही यह क्रूर कांड अंजाम दिया. हमले के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों के विरोध के बावजूद वह अपने इरादे पर अड़ी रही. घटना की सूचना मिलते ही बैथालांगसो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूजा मलंग को हिरासत में ले लिया. जांच में पुलिस को जो पता चला वे और भी रोंगटे खड़े करने वाले हैं. हमले के बाद लड़की अपनी मां के कटे हुए सिर को लेकर घर से बाहर निकली और पूरे इलाके में कहीं छिप गई.
जिसके बाद गुरुवार की सुबह तक उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया था. बाद में पुलिस की तलाशी में उसे गिरफ्तार किया गया. पूजा ने कथित तौर पर अपनी मां के कटे सिर के साथ ही पूरी रात बिताई. इस बात ने स्थानीय लोगों में भय और गुस्सा दोनों पैदा कर दिया है. घटना स्थल के पास से पुलिस को एक हंसिया, कैंची, पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाला सिंदूर, तेल और मिट्टी का घड़ा बरामद हुआ है.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि परिवार में किसी प्रकार का घरेलू विवाद या झगड़े की कोई जानकारी नहीं मिली है. प्राथमिक जांच में इस हत्याकांड को अंधविश्वास और जादू-टोने से जोड़कर देखा जा रहा है. पूजा मलंग किसी तांत्रिक क्रिया में शामिल रही हो या फिर वह मानसिक रूप से असंतुलित थी, इस बात की भी जांच की जा रही है. बैथालांगसो पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है. जांच अधिकारी अब पूजा से विस्तृत पूछताछ कर रहे हैं ताकि इस घटना के पीछे का सही कारण सामने आ सके. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गुस्सा है और वे जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं.