नई दिल्ली: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है. शुक्रवार को पुतिन ने भारत के अपने फैसले खुद लेने के अधिकार का पुरजोर समर्थन किया. इसके साथ ही कहा है कि किसी भी तरह के प्रतिबंध के जरिए नई दिल्ली पर दवाब बनाने की कोई भी कोशिश उल्टी पड़ेगी.
भारत और रूस के बीच लंबे समय से दोस्ती चली आ रही है, जिसकी तारीफ पुतिन ने की है. उन्होंने कहा कि यह दोस्ती भरोसे, आपकी सम्मान और साझा हितों पर आधारित है. यह दशकों से चली आ रही है. उन्होंने यह भी साफ किया है कि रूस भारत की स्वतंत्र विदेश नीति का पूरा सम्मान करता है.
पुतिन ने कहा कि भारत हमेशा एक संप्रभु देश की तरह काम करता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, भारत के खिलाफ प्रतिबंधों की कोई भी धमकी उल्टी पड़ सकती है. ऐसा जो भी करेगा उसे नुकसान के सिवा और कुछ नहीं मिलेगा. इसके साथ ही पुतिन ने यह भी कहा कि भारत ने हमेशा अपने राष्ट्रीय हितों को प्रायोरिटी दी है और वो आगे भी ऐसा ही करेगा, फिर चाहे रूस के साथ अपने संबंधों को लेकर दूसरे देशों से कितना भी बाहरी दबाव क्यों न आए.
पुतिन ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत अपनी जरूरतों के हिसाब से कोई भी तकनीक, हथियार या प्रोडक्ट चुनने के लिए स्वतंत्र है. उन्होंने कहा, "लोग कुछ भी कहें, भारत ने हमेशा इसी तरह काम किया है." पुतिन ने भारत-रूस संबंधों को भरोसे पर आधारित बताया है. यह 1947 से चला रहा है. इसेक साथ ही यह भी कहा कि मॉस्को को इस बात की चिंता नहीं है कि भारत दूसरे देशों के साथ मजबूत संबंध बना रहा है. इसके बजाय, पुतिन ने भारत को एक भरोसेमंद और अहम साझेदार बताया.