Pakistan Election: जेल में सजा काट रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान आगामी चुनाव में कम से कम तीन सीटों से चुनाव मैदान में उतरेंगे. उनकी पार्टी ने 20 दिसंबर को इस बारे में घोषणा की. यह सूचना उनके वकील और पीटीआई सीनेटर अली जफर ने दी.
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अली जफर ने कहा कि इस्लामाबाद हाई कोर्ट जल्द ही तोशाखाना मामले में दोषसिद्धि को लेकर दायर की गई याचिका पर अपना फैसला सुना सकता है. पाकिस्तान के चुनाव आयोग (ECP) ने 8 अगस्त को तोशाखाना मामले के फैसले के बाद पूर्व पीएम इमरान को किसी भी सार्वजनिक पद पर रहने के लिए पांच साल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया था.
अली जफर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम आपको बताना चाहते हैं कि इमरान खान कम से कम तीन निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ेंगे. हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस्लामाबाद हाईकोर्ट इस मामले पर जल्द ही फैसला सुनाएगा. कोर्ट पीटीआई की अपील पर जल्दी फैसला सुना सकता है. तोशाखाना मामले में इमरान खान की सजा को कम करने की मांग की गई है.
इस अवसर पर पीटीाई सीनेटर जफर ने कहा कि उन्होंने आने वाले चुनावों में पार्टी के टिकट से चुनाव लड़ने के लिए जेल में बंद सदस्यों को प्राथमिकता देने की बात कही है. जफर ने कहा कि हम उन कार्यकर्ताओं को हर हाल में टिकटों का आवंटन करेंगे जिन्होंने कठिन समय में पार्टी का साथ दिया, मुकदमों को झेला.