नई दिल्ली: बुधवार को नेपाल के खोटांग जिले में एक हेलीकॉप्टर हादसे ने स्थानीय लोगों को दहशत में डाल दिया. काठमांडू से उड़ान भरकर जा रहा एयर डायनेस्टी का हेलीकॉप्टर खेत में लैंडिंग के दौरान अचानक असंतुलित होकर पलट गया.
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें हेलीकॉप्टर को पहाड़ी इलाके में उतरते समय गिरते देखा जा सकता है. राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और केवल एक व्यक्ति को मामूली चोट आई.
यह दुर्घटना बालाबेसी इलाके में हुई, जहां पायलट द्वारा हेलीकॉप्टर को खेत में उतारने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन लैंडिंग के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह पलट गया और उसका पिछला हिस्सा पहाड़ी से टकरा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा कुछ ही सेकंड में हो गया.
हेलीकॉप्टर में एक ही परिवार के लोग सवार थे, जो अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे. नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (क्यान) के अनुसार, यह हेलिकॉप्टर सुबह करीब 11 बजे काठमांडू से रवाना हुआ था और निर्धारित गंतव्य की ओर जा रहा था. लैडिंग के समय हादसा हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई.
Helicopter operated by Air Dynasty Heli Service Pvt. Ltd. crashes while landing in Khotang; one passenger injured, pilot and others safe.
— Smriti Sharma (@SmritiSharma_) March 18, 2026
Preliminary cause suspected to be strong winds or dust.#Nepal pic.twitter.com/au6YRncx8U
प्रारंभिक जांच में तेज हवा और लैंडिंग के समय उड़ने वाली धूल को हादसे का कारण माना जा रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में ऐसी परिस्थितियां पायलट के लिए चुनौतीपूर्ण होती हैं, जिससे नियंत्रण खोने का खतरा बढ़ जाता है.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों को बाहर निकाला. घायल यात्री को दूसरे हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू भेजा गया. बाकी सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिससे बड़ी जनहानि टल गई.
जिला प्रशासन ने पुष्टि की है. लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. अधिकारियों ने विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि जल्द ही हादसे की पूरी वजह सामने लाई जाएगी.