menu-icon
India Daily

विवाद के बाद ट्रंप ने हटाया आपत्तिजनक वीडियो, ओबामा को बंदरों की तरह दिखाने पर लोगों ने किया विरोध

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल से एक विवादित वीडियो हटा दिया. इसके बाद से ही देशभर के लोग ट्रंप की आलोचना कर रहे थे. 

Shilpa Shrivastava
विवाद के बाद ट्रंप ने हटाया आपत्तिजनक वीडियो, ओबामा को बंदरों की तरह दिखाने पर लोगों ने किया विरोध
Courtesy: Pinterest

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल से एक विवादित वीडियो हटा दिया. इसके बाद से ही देशभर के लोग ट्रंप की आलोचना कर रहे थे. इस वीडियो में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और पूर्व फर्स्ट लेडी मिशेल ओबामा को बहुत ही आपत्तिजनक तरीके से दिखाया गया था, जिसमें उनके चेहरों को बंदरों के शरीर पर एडिट किया गया था. कई लोगों को यह वीडियो नस्लवादी और अपमानजनक लगा.

ट्रंप ने यह एक मिनट का वीडियो गुरुवार देर रात शेयर किया था. इस वीडियो में फेक तस्वीरों का इस्तेमाल किया गया था. इसमें झूठे दावे भी दोहराए गए थे कि कंपनी डोमिनियन वोटिंग सिस्टम्स ने 2020 के अमेरिकी चुनाव में धांधली करने में मदद की थी. ये दावे पहले भी कई बार झूठे साबित हो चुके हैं. इस वीडियो में द लायन स्लीप्स टुनाइट गाने का बैकग्राउंड म्यूजिक था. 

व्हाइट हाउस ने किया ट्रंप का बचाव: 

बता दें कि शुरुआत में, व्हाइट हाउस ने वीडियो का बचाव किया. बाद में, अधिकारियों ने कहा कि यह वीडियो गलती से एक स्टाफ ने पोस्ट कर दिया था और यह ट्रंप ने नहीं किया था. डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन दोनों तरफ से भारी विरोध के बाद, आखिरकार वीडियो हटा दिया गया. यह घटना व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट के आलोचना को नकली गुस्सा कहने के कुछ ही घंटों बाद हुई. 

लोगों ने उठाई वीडियो के खिलाफ आवाज:

कई जाने-माने लोगों ने वीडियो के खिलाफ आवाज उठाई. कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूजोम ने ट्रंप के इस काम को घिनौना बताया. साथ ही मांग करते हुए कहा कि रिपब्लिकन नेता इसके खिलाफ बोलें. न्यूजोम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हर रिपब्लिकन को इस व्यवहार की स्पष्ट रूप से निंदा करनी चाहिए.

बराक ओबामा के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के तौर पर करीब से काम कर चुके बेन रोड्स ने भी ट्रंप की आलोचना की. उन्होंने कहा कि ट्रंप को अमेरिकी इतिहास में एक धब्बे के रूप में याद किया जाएगा. रोड्स ने वीडियो को नस्लवादी बताया और कहा कि आने वाली पीढ़ियां ओबामा का सम्मान और प्रशंसा करेंगी, जबकि ट्रंप को इतिहास में एक नकारात्मक उदाहरण के रूप में पढ़ा जाएगा.