नई दिल्ली: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए दिल्ली हाई कोर्ट की यह भर्ती एक शानदार अवसर बनकर सामने आई है. लंबे समय से कोर्ट से जुड़ी स्थायी नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती बेहद अहम मानी जा रही है. खास बात यह है कि इन पदों के लिए केवल ग्रेजुएशन की योग्यता रखी गई है, जिससे बड़ी संख्या में युवा आवेदन कर सकते हैं.
दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक इस भर्ती अभियान के तहत कुल 152 पद भरे जाएंगे. इनमें अलग अलग वर्गों के लिए आरक्षण तय किया गया है. सामान्य वर्ग के लिए 62 पद, EWC वर्ग के लिए 12 पद, OBC वर्ग के लिए 44 पद, SC वर्ग के लिए 20 पद और ST वर्ग के लिए 14 पद आरक्षित किए गए हैं. इससे सभी वर्गों के उम्मीदवारों को समान अवसर मिलने की उम्मीद है.
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट होना जरूरी है. इसके साथ ही अंग्रेजी टाइपिंग का अच्छा ज्ञान भी जरूरी रखा गया है. उम्मीदवार की अंग्रेजी टाइपिंग स्पीड कम से कम 35 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए. चयन प्रक्रिया में यह योग्यता काफी महत्वपूर्ण मानी जाएगी, इसलिए अभ्यर्थियों को पहले से तैयारी रखने की सलाह दी जा रही है.
दिल्ली हाई कोर्ट भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 साल रखी गई है. वहीं अधिकतम आयु सीमा 32 वर्ष रखी गई है. सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी. इससे एससी, एसटी और अन्य आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अतिरिक्त लाभ मिलेगा.
इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन दिया जाएगा. दिल्ली हाई कोर्ट में नियुक्त होने वाले जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट और रेस्टोरर पद के कर्मचारियों को 29,200 रुपये से लेकर 93,200 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा. इसके अलावा केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी. यही कारण है कि यह भर्ती युवाओं के बीच काफी चर्चा में है.
आवेदन करने वाले सामान्य वर्ग, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 1500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1300 रुपये निर्धारित किया गया है. आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा.