नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नया एयर फोर्स वन लोगों को दिखाया. यह जेट पहले कतर का था, जिसे अब अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक एयरक्राफ्ट बना दिया गया है. ट्रंप ने इसे फ्लाइंग व्हाइट हाउस कहा है. नए एयरक्राफ्ट का लुक पहले वाले से काफी अलग और बोल्ड है. एयरक्राफ्ट के नीचे का हिस्सा नेवी ब्लू रंग का है, उसके ऊपर लाल पट्टी बनी है. राष्ट्रपति जहां से चढ़ते हैं, उस तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति का सील लगा है. इसके टेल पर बड़ा अमेरिकी झंडा है.
ट्रंप ने कहा, “यह एयरक्राफ्ट पहले से कहीं ज्यादा लग्जरी और शानदार है.” ट्रंप ने कहा, “लंदन, जर्मनी या दुनिया के किसी भी देश में जब हम उतरेंगे, तो कोई हमसे बेहतर एयरक्राफ्ट नहीं दिखेगा.” उन्होंने बताया कि अगले महीने तुर्की में होने वाले NATO समिट पर वो इसी नए एयरक्राफ्ट से जाएंगे. इसके अलावा चीन की यात्रा भी इसी से करने के संकेत दिए.
बता दें कि यह एयरक्राफ्ट परमानेंट नहीं है. इसे ब्रिज एयरक्राफ्ट कहा जा रहा है. असली नया एयर फोर्स वन बोइंग कंपनी से 2028 में आएगा. कतर ने पिछले साल अमेरिका को यह लग्जरी बोइंग 747 जेट गिफ्ट किया था. कुछ लोगों ने नैतिकता और कानूनी सवाल उठाए थे, लेकिन ट्रंप सरकार ने इसे स्वीकार कर लिया. ट्रंप ने कहा कि बोइंग से नए एयरक्राफ्टों के आने में देरी हो रही थी, इसलिए उन्होंने कतर के अमीर से एक एयरक्राफ्ट मांगा. उन्होंने मजाक में कहा, “सामान्य तौर पर राष्ट्रपति ऐसा नहीं करते, लेकिन अमेरिका को दुनिया में सही तरीके से प्रतिनिधित्व करना चाहिए.”
नए एयर फोर्स वन को 4 जुलाई को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फ्लाईओवर के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा. अमेरिकी वायुसेना ने कहा कि सुरक्षा के सख्त मानकों को पूरा करने के बाद ही इस जेट को एयर फोर्स वन बनाया गया है. पुराने दो एयरक्राफ्टों (VC-25A) को भी रिटायर नहीं किया जाएगा. वे तब तक सेवा में रहेंगे जब तक नया बोइंग एयरक्राफ्ट आ नहीं जाता. ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी उन्होंने एयर फोर्स वन के कलर अपने पसंदीदा रखने की कोशिश की थी.