menu-icon
India Daily

'अगर ईरान ने ऐसा किया तो कड़ी सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार...': ट्रंप ने दी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर से चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा है कि अगर चल रही बातचीत नाकाम रही तो अमेरिका फिर से बहुत सख्त सैन्य कार्रवाई कर सकता है.

Shilpa Shrivastava
'अगर ईरान ने ऐसा किया तो कड़ी सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार...': ट्रंप ने दी चेतावनी
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर से चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा है कि अगर चल रही बातचीत नाकाम रही तो अमेरिका फिर से बहुत सख्त सैन्य कार्रवाई कर सकता है. हालांकि, अभी उन्होंने हमले की योजना को रोक दिया है ताकि ईरान के साथ अंतिम कोशिश की जा सके.

ट्रंप ने  कहा, “हम ईरान के साथ बहुत गहरी बातचीत कर रहे हैं. अगर ये कामयाब नहीं हुई तो हम बहुत मजबूत सैन्य कार्रवाई पर वापस लौटेंगे.” उन्होंने साफ किया कि बातचीत के लिए ज्यादा समय नहीं है. “या तो बात जल्दी बनेगी या बिल्कुल नहीं बनेगी.”

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने क्या कहा?

ट्रंप ने बताया कि उन्होंने शुक्रवार को हमले रोकने का फैसला उन देशों के अनुरोध पर लिया जो ईरान से बातचीत करवा रहे हैं. ओमान, कतर, पाकिस्तान, मिस्र समेत कई देशों ने उनसे कहा कि हमला करने से पहले एक और मौका दें. ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकोफ और सीनियर सलाहकार जारेड कुश्नर भी इन बातचीत में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

क्या है मुख्य मुद्दा:

इस पूरी बातचीत का मुख्य मुद्दा नया समझौता है जिसमें हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर व्यापक चर्चा शामिल है. ट्रंप का मानना है कि ईरान डील करना चाहता है. उन्होंने कहा, “कुछ हासिल हुआ तो ठीक, नहीं हुआ तो कुछ खोया भी नहीं.” ईरान ने इराक में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर ड्रोन हमला किया

दूसरी ओर, मंगलवार तड़के ईरान ने इराक के उत्तरी शहर अरबील में कई ड्रोन हमले किए. इनमें अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास भी विस्फोट हुए. एक रिपोर्ट के अनुसार, खलीफान और सोरान इलाकों में चार ईरानी ड्रोन ने हमला किया. हमले से बड़े आग के गोले उठे और इलाके में आग लग गई. पुलिस सूत्रों ने बताया कि दो ड्रोन लक्ष्य के पास ही दुर्घटनाग्रस्त हो गए. हमले के जवाब में अमेरिका के 10 से ज्यादा युद्धक विमान और ड्रोन अरबील के ऊपर उड़ान भर रहे हैं.