menu-icon
India Daily

चीन ने ईरान की तरफ बढ़ाया मदद का हाथ, मिनाब स्कूल अटैक में मारे गए छात्रों के परिवारों को देगा 2 लाख डॉलर

यह हमला 28 फरवरी को ईरान के दक्षिणी शहर मिनाब में स्थित शाजारेह तैय्येबेह गर्ल्स स्कूल पर हुआ था. इस हमले में 150 से अधिक बच्चों की मौत हुई थी जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल थीं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
चीन ने ईरान की तरफ बढ़ाया मदद का हाथ, मिनाब स्कूल अटैक में मारे गए छात्रों के परिवारों को देगा 2 लाख डॉलर
Courtesy: @alilarijani_ir

मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच ईरान के एक स्कूल पर हुए मिसाइल हमले के बाद चीन ने पीड़ित परिवारों की मदद करने का फैसला किया है. चीन ने घोषणा की है कि वह इस घटना में मारे गए छात्रों के परिवारों को 2 लाख डॉलर की मानवीय सहायता देगा.

यह हमला 28 फरवरी को ईरान के दक्षिणी शहर मिनाब में स्थित शाजारेह तैय्येबेह गर्ल्स स्कूल पर हुआ था. इस हमले में 150 से अधिक बच्चों की मौत हुई थी जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल थीं. रिपोर्ट के अनुसार एक मिसाइल सीधे स्कूल की इमारत से टकराई, जिससे वहां मौजूद कई छात्राओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. 

रेड क्रॉस के जरिए पहुंचेगी आर्थिक मदद

चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह सहायता राशि रेड क्रॉस सोसाइटी ऑफ चाइना के माध्यम से भेजी जाएगी. यह पैसा आगे ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी को दिया जाएगा, जो इसे पीड़ित परिवारों तक पहुंचाएगी. चीन का कहना है कि इस मदद का मकसद उन माता-पिता को कुछ आर्थिक सहारा देना है, जिन्होंने इस हमले में अपने बच्चों को खो दिया है. साथ ही चीन ने इस घटना पर गहरा दुख भी व्यक्त किया है.

हमले को लेकर गंभीर आरोप

ईरान की सरकार ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजराइल को जिम्मेदार ठहराया है. तेहरान का कहना है कि यह हमला युद्ध के पहले ही दिन किया गया और इसमें आम नागरिकों को निशाना बनाया गया. इस हमले को लेकर जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं इस आरोप के साथ जीने को तैयार हूं. घटना के बाद मृतकों के अंतिम संस्कार किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल पर हमला बहुत दर्दनाक घटना है क्योंकि वहां पढ़ने वाले ज्यादातर बच्चे कम उम्र के थे.