IPL 2026

US-ईरान युद्ध की आड़ में भारत की चेतावनी के बावजूद चीन ने PoK के पास बना दिया नया प्रांत, बढ़ा तनाव

चीन ने शिनजियांग में PoK के पास ‘सेनलिंग’ नाम की नई काउंटी बनाई है. भारत ने इसे अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया है. यह कदम चीन की सीमा सुरक्षा और रणनीतिक पकड़ मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है.

@Surender_10K and @XueJia24682 x account
Km Jaya

नई दिल्ली: पूरा पश्चिम एशिया क्षेत्र वर्तमान में ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच संघर्ष में उलझा हुआ है, दूसरी ओर चीन पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर यानी PoK के पास खौफनाक रणनीतिक चालें चल रहा है. विशेष रूप से चीन ने हाल ही में अपने शिनजियांग प्रांत के भीतर एक नई काउंटी जो एक पूर्ण प्रशासनिक इकाई है उसे स्थापित की है, जो PoK और अफगानिस्तान की सीमाओं के करीब स्थित है. 

रिपोर्टों के अनुसार ड्रैगन ने यह कदम उइगरों की घुसपैठ को रोकने और वाखान कॉरिडोर के साथ सुरक्षा को मजबूत करने के दोहरे उद्देश्यों के साथ उठाया है. 

यह कहां है स्थिति?

सेनलिंग नाम की यह नई काउंटी काराकोरम पर्वतमाला के बहुत करीब स्थित है और PoK-अफगानिस्तान सीमा के बेहद करीब पड़ती है. महत्वपूर्ण बात यह है कि चीन ने पहले शिनजियांग में दो अन्य नई काउंटियां हेआन और हेकांग बनाने की घोषणा की थी और अब लगभग एक वर्ष की अवधि के भीतर यह तीसरी नई प्रशासनिक इकाई स्थापित की है.

भारत ने क्या दी थी चेतावनी?

इससे पहले भारत ने पिछले साल हेआन और हेकांग काउंटियों के निर्माण के संबंध में चीन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था. भारत ने स्पष्ट रूप से कहा था कि इन जिलों के कुछ हिस्से भारत के केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का अभिन्न अंग हैं और ऐसे कार्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार हेआन काउंटी में विवादित अक्साई चिन पठार का अधिकांश हिस्सा शामिल है, जो लद्दाख का एक अभिन्न अंग बना हुआ है.

भारत की चेतावनियों के बावजूद शिनजियांग उइगर स्वायत्त क्षेत्र की सरकार ने 26 मार्च को नई काउंटी सेनलिंग की स्थापना की घोषणा की. हालांकि इसकी सटीक सीमाओं और प्रशासनिक उप-विभाजनों के बारे में पूरी जानकारी अभी तक जारी नहीं की गई है. यह जिला काशगर के प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत आएगा. 

कहां स्थिति है काशगर?

काशगर प्राचीन सिल्क रूट पर स्थित एक ऐतिहासिक शहर है, जो चीन को दक्षिण और मध्य एशिया से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करता है. ठीक इसी जगह से चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा यानी CPEC भी शुरू होता है, जो पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर (PoK) से होकर गुजरता है. विशेषज्ञों का मानना ​​है कि सेनलिंग जिले की स्थापना से पता चलता है कि चीन अब अपने सीमावर्ती इलाकों पर ज्यादा ध्यान दे रहा है और उन पर उसका नियंत्रण भी बढ़ रहा है.