अलास्का में बड़ा हादसा, 8 लोगों को ले जा रहा प्लेन क्रैश

अमेरिका के पश्चिमी अलास्का में एक चार्टर विमान गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में आठ लोग सवार थे. नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड के अलास्का क्षेत्र प्रमुख क्लिंट जॉनसन ने बताया कि विमान में दो पायलट और छह यात्री थे.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: अमेरिका के पश्चिमी अलास्का में एक चार्टर विमान गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में आठ लोग सवार थे. नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड के अलास्का क्षेत्र प्रमुख क्लिंट जॉनसन ने बताया कि विमान में दो पायलट और छह यात्री थे. उनकी हालत की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है. विमान एंकरेज से रवाना हुआ था और केप न्यूवेनहम के पास क्रैश हुआ. जॉनसन ने कहा कि अभी तक की जानकारी प्रारंभिक है.

अलास्का रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर ने केप न्यूवेनहम लॉन्ग रेंज रडार साइट के पास “एयरक्राफ्ट इंसिडेंट” की रिपोर्ट मिलने के बाद सर्च एंड रेस्क्यू अभियान शुरू किया है. आगे की जानकारी उपलब्ध होने पर साझा की जाएगी.


अलास्का में हवाई दुर्घटनाओं का सिलसिला:

जून में अमेरिका के अलास्का में एक और हवाई हादसा हुआ था. यूएस कोस्ट गार्ड का एमएच-60 जेहॉक हेलीकॉप्टर सिटका के हार्बर माउंटेन के पास क्रैश हो गया. इसमें सवार सभी चार क्रू मेंबर्स घायल हो गए. कोई मौत नहीं हुई. हेलीकॉप्टर नियमित ट्रेनिंग फ्लाइट पर था. दुर्घटना के करीब एक घंटे बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और सभी घायलों को माउंट एजकुम्ब मेडिकल सेंटर ले गया. चोटों की गंभीरता की जानकारी तुरंत नहीं मिली.

कोस्ट गार्ड अधिकारी एशली मर्फी ने बताया कि हादसे की वजह अभी साफ नहीं है. जांच चल रही है. कोस्ट गार्ड ने कहा कि क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और बचाव उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. बता दें कि इस महीने अमेरिका में कई बड़ी हवाई दुर्घटनाएं हुई हैं. टेक्सास के लारेडो में एक बिजनेस जेट हाईवे पर क्रैश हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. कैलिफोर्निया के एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस पर बी-52 टेस्ट फ्लाइट के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई. मिसौरी में स्काईडाइवर्स ले जा रहा एक विमान क्रैश हुआ, जिसमें 12 लोगों की जान चली गई.