'मां सी दौलत कहां किसी के पास होती है', आजम खान ने योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर जताया दुख
सीएम योगी की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की आयु में निधन हो गया. वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं.
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने सीएम योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शोक जताया है. राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर आजम खान ने इस मौके पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां का साया सिर से उठ जाना जिंदगी के सबसे बड़े सदमों में से एक होता है, 'ये बड़ा सदमा है, अल्लाह ताला उन्हें सब्र अता फरमाए. बड़ा नुकसान है. मां सी दौलत कहां किसी के पास होती है.'
कल हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
बता दें कि सीएम योगी की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 साल की आयु में निधन हो गया. वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं. मां के निधन की खबर सुनते ही सीएम योगी उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित पंचूर गांव में अपने पैतृक निवास पहुंचे और अपनी मां के अंतिम दर्शन किये. उनकी मां का अंतिम संस्कार कल शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा.
Also Read
सीएम योगी को उनकी मां के निधन की खबर उस वक्त मिली जब वह गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे, जिसमें 50 हजार छात्रों को टैबलेट वितरण किया जा रहा था. मां के निधन की जानकारी मिलने के बाद भी सीएम ने इस कार्यक्रम को जारी रखा.
पीएम मोदी, अखिलेश यादव ने जताया दुख
सीएम योगी की मां सावित्री देवी के निधन पर पीएम मोदी, सपा नेता अखिलेश यादव और बसपा प्रमुख मायावती ने भी शोक व्यक्त किया. पीएम मोदी ने सीएम योगी से फोन पर बात कर अपनी संवेदन व्यक्त की. वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी शोक संदेश लिखा.