ट्रंप का बड़ा ऐलान! विदेश में AI डाटा सेंटर बनाने पर अमेरिकी कंपनियों को लगेगा भारी टैक्स

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका की कंपनियों को दूसरे देशों में AI डाटा सेंटर और इससे जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

X
Shilpa Srivastava

नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि अमेरिका की कंपनियों को दूसरे देशों में AI डाटा सेंटर और इससे जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. ट्रंप का मानना है कि अगर अमेरिकी कंपनियां विदेशों में निवेश करती हैं, तो इसका फायदा चीन को मिल सकता है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अमेरिका के बाहर डाटा सेंटर बनाने वाली कंपनियों पर भारी टैक्स लगाया जा सकता है.

चीन को फायदा नहीं पहुंचने देंगे ट्रंप:

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका दूसरे देशों में डाटा सेंटर बनाने की अनुमति नहीं देना चाहता, क्योंकि इससे चीन को फायदा मिल सकता है. उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन AI तकनीक के मामले में दुनिया के सबसे आगे चल रहे देश हैं और अमेरिका अपनी बढ़त बनाए रखना चाहता है. ट्रंप का जोर इस बात पर है कि AI से जुड़े बड़े निवेश अमेरिका के भीतर ही किए जाएं, जिससे देश की तकनीकी ताकत और आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रहे.

अमेरिकी कंपनियों को विदेश में निवेश करने पर भारी टैक्स:

ट्रंप ने अमेरिकी टेक कंपनियों को चेतावनी दी है कि अगर वे दूसरे देशों में AI डाटा सेंटर बनाती हैं, तो उन्हें भारी टैक्स देना पड़ सकता है. हालांकि, उन्होंने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि टैक्स कितना होगा या इस नियम को लागू करने का तरीका क्या रहेगा.


उन्होंने कहा कि डाटा सेंटर बनाने वाली कंपनियों को स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार, निवेश और आर्थिक अवसर पैदा करने चाहिए. उनके अनुसार, ऐसे बड़े प्रोजेक्ट से स्थानीय लोगों और अमेरिकी अर्थव्यवस्था को फायदा मिलना चाहिए.

चीन के साथ AI को लेकर समझौते की बात:

ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देश AI के क्षेत्र में कुछ सुरक्षा नियम और नियंत्रण व्यवस्था बनाने पर सहमत हुए हैं. इसका उद्देश्य AI तकनीक के इस्तेमाल से जुड़े जोखिमों को नियंत्रित करना हो सकता है. ट्रंप के मुताबिक, AI के क्षेत्र में अमेरिका और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा काफी आगे है और दोनों देश इस तकनीक में अन्य देशों से आगे हैं.

AI डाटा सेंटर को लेकर लोगों में चिंता:

AI तकनीक तेजी से बढ़ रही है और इसके लिए बड़े डाटा सेंटर बनाए जा रहे हैं. लेकिन इन केंद्रों में बिजली और पानी की खपत अधिक होती है. इसी वजह से आम लोगों के बीच भी इनके निर्माण को लेकर चिंता बढ़ रही है.

एक सर्वे के मुताबिक, 87 प्रतिशत लोगों ने AI डाटा सेंटर के निर्माण को लेकर उत्साह की तुलना में अधिक चिंता जताई. ऐसे में आने वाले समय में AI तकनीक के विकास के साथ पर्यावरण, बिजली की खपत और स्थानीय लोगों के हित भी बड़ी चर्चा का विषय बन सकते हैं.