भारतीय नागरिक को अमेरिका में 19 साल की जेल, पन्नून की हत्या की साजिश में दोषी निखिल गुप्ता को सजा
अमेरिका में खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल से ज्यादा जेल की सजा सुनाई गई है.
नई दिल्ली: अमेरिका में खालिस्तानी समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल से ज्यादा जेल की सजा सुनाई गई है. अमेरिकी अदालत ने शुक्रवार को उन्हें 235 महीने यानी करीब 19 साल और 7 महीने जेल में रहने का आदेश दिया. यह फैसला न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत ने सुनाया.
निखिल गुप्ता को किन आरोपों में मिली सजा?
55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल हत्या की सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश जैसे तीन आरोपों को स्वीकार किया था. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इन आरोपों का संबंध न्यूयॉर्क में गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की योजना से था.
अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने निखिल गुप्ता के लिए 24 साल की जेल की मांग की थी. हालांकि, अदालत ने उन्हें 235 महीने की सजा सुनाई. सुनवाई के दौरान गुप्ता ने अपनी भूमिका पर पछतावा जताया. वहीं, पन्नून ने अदालत में कहा कि इस कथित साजिश के कारण उनकी सामान्य कानूनी गतिविधियां लंबे समय तक प्रभावित हुईं.
Also Read
कैसे बनाई गई थी हत्या की योजना?
अमेरिकी जांच एजेंसियों के आरोपों के अनुसार, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य जगहों पर मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर पन्नून की हत्या की योजना बनाई थी. इस मामले में विकास यादव नाम के एक अन्य व्यक्ति का भी जिक्र सामने आया है.
आरोप है कि विकास यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी समझ रहा था और हत्या के लिए शूटर तलाशने में मदद मांगी. लेकिन वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग्स जांच एजेंसी (DEA) का गोपनीय सूत्र था. जांच के मुताबिक, हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने की बात हुई थी. इसके अलावा, 9 जून 2023 के आसपास 15 हजार डॉलर की रकम एडवांस के तौर पर भी दिए जाने का आरोप है.
कौन है गुरपतवंत सिंह पन्नून?
गुरपतवंत सिंह पन्नून अमेरिका और कनाडा की नागरिकता रखता है. वह प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़ा है और खुद को संगठन का जनरल काउंसल बताता है. भारत सरकार ने उसे आतंकवादी घोषित किया है और वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है.