menu-icon
India Daily

नेपाल की बाढ़ का मलबा हटाया तो निकली नोटों की गड्डियां, वायरल वीडियो में दिखा हैरान करने वाला नजारा

नेपाल की बाढ़ के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें मलबे और कीचड़ से नोटों की गड्डियां और कीमती सामान निकलते दिखाई दे रहे हैं. एक वीडियो में लाल बैग से नकदी निकलती दिख रही है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नेपाल की बाढ़ का मलबा हटाया तो निकली नोटों की गड्डियां, वायरल वीडियो में दिखा हैरान करने वाला नजारा
Courtesy: @Rudhrayadav001 X Account

नई दिल्ली: नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद तबाही की तस्वीरें लगातार सामने आ रही हैं. पानी का स्तर कम होने के साथ प्रभावित इलाकों में राहत और तलाश अभियान तेज किया गया है. लोग कीचड़ और मलबे के बीच अपने घरों और सामान के अवशेष तलाश रहे हैं. इसी दौरान सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें मलबे के नीचे से नोटों की गड्डियां और महंगा सामान बरामद होता दिखाई दे रहा है.

वायरल वीडियो में कुछ लोग बाढ़ प्रभावित इलाकों में मलबा हटाते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान लाल रंग की साड़ी में लिपटा हुआ काफी सारा कैश दिखाई देता है. लोग उसे मलबे से बाहर निकालते हैं. एक अन्य दृश्य में एक व्यक्ति को लाल रंग का हैंडबैग मिलता है. बैग की जिप खोलने पर उसके अंदर नोटों की कई गड्डियां दिखाई देती हैं.

वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?

वीडियो में कुछ लोग नारंगी रंग की जैकेट पहने नजर आ रहे हैं, जिन्हें रेस्क्यू टीम का सदस्य बताया जा रहा है. इन तस्वीरों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग अलग दावे कर रहे हैं. कुछ पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि बाढ़ के पानी में किसी स्थानीय बैंक की शाखा का वॉल्ट या लॉकर बह गया था और उसके अंदर रखी नकदी बाद में मलबे से मिली.

हालांकि, इन वायरल वीडियो के साथ किए जा रहे सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. अलग अलग सोशल मीडिया पोस्ट में वीडियो को अलग संदर्भों के साथ साझा किया जा रहा है. इसलिए सिर्फ वीडियो देखकर यह निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा कि दिखाई दे रही हर नोटों की गड्डी बैंक से ही बहकर आई है.

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े स्तर पर तबाही

नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन ने बड़े स्तर पर तबाही मचाई है. कई इलाकों में घर, दुकानें और दूसरी संपत्तियां पानी और मलबे की चपेट में आई हैं. जिन लोगों का सामान बाढ़ में बह गया, वे अब मलबे में अपनी बची हुई चीजें तलाश रहे हैं. सबसे गंभीर स्थिति उन परिवारों की है, जिन्होंने इस आपदा में अपने परिजनों को खो दिया. कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं और राहत दल मलबे में तलाश अभियान चला रहे हैं.

बरामद शवों की पहचान की कोशिश भी जारी है. ऐसे में वायरल हो रहे नकदी और कीमती सामान के वीडियो इस आपदा से हुए नुकसान की भयावह तस्वीर जरूर दिखाते हैं, लेकिन इनके साथ जुड़े दावों की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से होना जरूरी है.