सोमालिया में कार्गो जहाज हाईजैक, लदे थे तुर्की के सैन्य हथियार; क्रू में 6 भारतीय नागरिक

सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को कब्जे में ले लिया. जहाज पर 10 सदस्यीय दल सवार था, जिसमें छह भारतीय नागरिक शामिल हैं.

X (@airnewsalerts)
Shanu Sharma

सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास समुद्री लुटेरों ने कैमरून के झंडे वाले एक मालवाहक जहाज को कब्जे में ले लिया. जहाज पर 10 सदस्यीय दल सवार था, जिसमें छह भारतीय नागरिक शामिल हैं. इसी बीच देश के बैदोआ शहर में सरकारी बलों और मिलिशिया के बीच हुई हिंसक झड़प में चार नागरिकों की मौत हो गई और 98 लोग घायल हुए हैं.

सोमालिया के पुंटलैंड इलाके में समुद्री लुटेरों की गतिविधि ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. सोमवार को M/V LUTUF नाम के मालवाहक जहाज को इयल जिले के मर्राया इलाके से करीब साढ़े तीन समुद्री मील दूर कब्जे में लिया गया. इसके बाद जहाज को नुगाल तट की तरफ ले जाया गया.

चालक दल में छह भारतीय शामिल

मिली जानकारी के मुताबिक यह जहाज पोलर मूवमेंट शिपिंग के स्वामित्व वाला बताया जा रहा है और इस पर कैमरून का झंडा लगा था. जहाज में तुर्की के हथियारों के साथ संचार और उपग्रह से जुड़े उपकरण भी लदे थे. इन सामानों को मोगादिशू स्थित तुर्की के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र तक पहुंचाया जाना था.


सोमाली अधिकारी के मुताबिक जहाज पर कुल 10 लोग सवार थे. इनमें छह भारतीय नागरिक, एक तुर्की नागरिक और एक जॉर्जियाई नागरिक शामिल हैं. इसके अलावा दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड भी जहाज पर मौजूद थे. बताया गया है कि आठ समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा किया. आशंका है कि ये लोग उस समूह से जुड़े हो सकते हैं, जिसने 26 अप्रैल को M/V Sward नाम के जहाज का अपहरण किया था. लुटेरों ने जहाज को पुंटलैंड के डंगोरोयो जिले में गरमाल के पास तट की ओर ले जाने की कोशिश की.

इलाके में हेलीकॉप्टर और ड्रोन से निगरानी

घटना के बाद तुर्की के स्वामित्व वाले दो जहाज अगवा किए गए मालवाहक के पास पहुंचे. वहीं, तुर्की के हेलीकॉप्टर और ड्रोन से इलाके पर निगरानी की गई. मंगलवार को दो लोगों को लेकर एक छोटी नाव जहाज के पास पहुंची थी. इस नाव के जरिए 'खत' पहुंचाया गया, जिसे सोमालिया में आम तौर पर चबाया जाता है.

नाव के वापस लौटने के बाद कथित तौर पर एक हवाई हमला हुआ. इसमें चार लोगों की मौत और दो के घायल होने की सूचना है. हालांकि यह साफ नहीं हो सका कि हमला किसने किया और मारे गए लोग अपहरण में शामिल थे या नहीं. जहाज, उसके चालक दल और सामान की मौजूदा स्थिति भी स्पष्ट नहीं है. दूसरी ओर, सोमालिया के बैदोआ शहर में भी हिंसा ने गंभीर रूप ले लिया. सरकारी बलों और मिलिशिया के बीच घंटों चली लड़ाई में कम से कम चार नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 98 लोग घायल हुए हैं.