उत्तर प्रदेश में पुलिस व्यवस्था को लेकर गुरुवार देर रात शासन ने बड़ा फैसला लिया. प्रदेश के 9 IPS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत सात जिलों में पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पद पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है. वहीं कुछ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय और यूपी-112 में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
इस तबादला सूची में 2018 बैच के IPS अधिकारी कृष्ण कुमार उर्फ केके बिश्नोई का नाम खास तौर पर चर्चा में है. लंबे समय तक संभल की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के बाद उन्हें अब बिजनौर का SP नियुक्त किया गया है.
संभल में अपने कार्यकाल के दौरान केके बिश्नोई कई महत्वपूर्ण घटनाओं के बीच पुलिस व्यवस्था की अगुवाई कर चुके हैं. शाही जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर संभल में नवंबर 2024 में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी. हिंसा के दौरान वह पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्थिति संभालने के लिए पुलिस कार्रवाई की निगरानी की थी. इसके बाद उनकी कार्यशैली को लेकर काफी चर्चा हुई थी.
केके बिश्नोई के स्थान पर विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. इससे पहले वह बाराबंकी में अपर पुलिस अधीक्षक के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे. PPS से IPS पद पर पदोन्नति मिलने के बाद उन्हें पहली बार किसी जिले की पुलिस कमान सौंपी गई है. वहीं हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात मातण्ड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का नया SP बनाया गया है. वह भी PPS से IPS कैडर में पदोन्नत हुए हैं. पदोन्नति के बाद उन्हें जिले की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली है.
तबादले के तहत झांसी के SSP बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति को अब मेरठ की कमान दी गई है. उन्हें मेरठ का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. दूसरी ओर मेरठ के SSP अविनाश पाण्डेय को लखनऊ स्थित पुलिस महानिदेशक मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है. बलरामपुर में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभाल रहे विकास कुमार को झांसी का नया SSP नियुक्त किया गया है. इस बदलाव के साथ मेरठ और झांसी समेत कई जिलों की पुलिस व्यवस्था में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी मिली है. तबादलों के जरिए जहां कुछ अधिकारियों को जिलों की कमान दी गई है, वहीं कुछ को मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों में भेजा गया है.