रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा समय सीमा दिए जाने के कुछ दिनों बाद, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि मॉस्को बिना कैमरों के कीव के साथ शांति वार्ता फिर से शुरू करने को तैयार है. हालांकि, पुतिन ने यह भी स्पष्ट किया कि रूस आक्रमण के पीछे के रणनीतिक लक्ष्यों को नहीं छोड़ेगा.
पूर्रे मोर्चे के साथ आगे बढ़ रही रूस की सेना
पुतिन ने दावा किया कि रूसी सेना यूक्रेन में पूरे मोर्चे पर आगे बढ़ रही है. उन्होंने रूस की सैन्य क्षमता का जिक्र करते हुए कहा कि देश नई ओरेश्निक मिसाइल प्रणाली का बड़े पैमाने पर उत्पादन कर रहा है. पुतिन ने बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ संयुक्त बयान में कहा, “हमने सहमति जताई है कि हम बिना कैमरों के और शांत वातावरण में बातचीत कर सकते हैं.” उन्होंने यूरोप की समग्र सुरक्षा के संदर्भ में युद्ध को समाधान की आवश्यकता बताई और पश्चिमी देशों पर रूस की प्रगति को रोकने का आरोप लगाया.
ट्रम्प ने दी थी डेडलाइन
डोनाल्ड ट्रंप ने शांति वार्ता के लिए 10 से 12 दिन की डेडलाइन जारी करते हुए सोमवार को कहा था कि रूस और यूक्रेन को शांति समझौते में तेजी लानी होगी. उन्होंने कहा, 'इंतजार के पीछे कोई कारण नहीं है. 50 दिन हो चुके हैं. मैं उदारता दिखाना चाहता हूं, लेकिन हमें कोई प्रगति नजर नहीं आ रही.' अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को भी सूचित किया कि ट्रम्प प्रशासन ने दोनों पक्षों को अगले कुछ दिनों में शांति समझौता अंतिम रूप देने का निर्देश दिया है.
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका का बयान
गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में अमेरिका ने कहा कि ट्रम्प ने स्पष्ट किया है कि वह 8 अगस्त तक रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने वाला शांति समझौता चाहते हैं. हाल ही में इस्तांबुल में रूसी और यूक्रेनी राजनयिकों की मुलाकात हुई, लेकिन वे केवल कैदियों की अदला-बदली पर सहमत हो सके.