menu-icon
India Daily

'दुश्मन को बहुत नुकसान हुआ...', पाकिस्तान के हमजा मिलिट्री सेंटर पर अफगानिस्तान के ड्रोन अटैक के बाद तालिबान ने किया दावा

अफगानिस्तान ने दावा किया है कि उसकी वायुसेना ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान के ‘हमजा’ मिलिट्री सेंटर पर ड्रोन हमला किया. यह कार्रवाई दोनों देशों के बीच डुरंड लाइन को लेकर बढ़ते तनाव के बीच हुई है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'दुश्मन को बहुत नुकसान हुआ...', पाकिस्तान के हमजा मिलिट्री सेंटर पर अफगानिस्तान के ड्रोन अटैक के बाद तालिबान ने किया दावा
Courtesy: @nooragha444 x account

नई दिल्ली: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच एक बार फिर से दुश्मनी भड़क उठी है और दोनों पक्ष लगातार एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं. इसी बीच अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को घोषणा की कि उसकी वायु सेना ने राजधानी इस्लामाबाद में स्थित 'हमजा' एक पाकिस्तानी सैन्य अड्डे पर हमला किया है.

X पर एक पोस्ट में अफगान रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि अफगान वायु सेना ने शाम करीब 5:00 बजे इस्लामाबाद के फैजाबाद इलाके में स्थित एक रणनीतिक सैन्य केंद्र जिसे 'हमजा' नाम दिया गया है. उस पर हवाई हमला किया.

रक्षा मंत्रालय ने क्या बताया?

रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार यह हमला ड्रोन विमानों का उपयोग करके किया गया था और विशेष रूप से सैन्य केंद्र के भीतर स्थित प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाया गया था. मंत्रालय ने आगे दावा किया कि इस हमले के परिणामस्वरूप पाकिस्तानी सेना को भारी जान-माल का नुकसान हुआ है.

रक्षा मंत्रालय ने अपने पोस्ट में क्या कहा?

एक अलग पोस्ट में अफगान रक्षा मंत्रालय ने कहा कि हमले में उस जगह पर स्थित सैन्य सुविधाएं नष्ट हो गईं. इन सुविधाओं में एक कमांड सेंटर, आपूर्ति डिपो और सैनिकों के बैरक शामिल थे.

यह कथित हमला अफगानिस्तान और पाकिस्तान को अलग करने वाली विवादित डुरंड रेखा पर लगातार बने तनाव के बीच हुआ है. हाल के दिनों में दोनों देशों ने एक-दूसरे पर हवाई हमले और मोर्टार से गोलाबारी की है.

पाक ने इस अभियान को क्या दिया नाम?

इसके विपरीत पाकिस्तान ने पहले काबुल, पक्तिया और कंधार में विभिन्न स्थानों पर हवाई हमले किए थे और दावा किया था कि उसके निशाने आतंकवादी ठिकाने थे. पाकिस्तान ने इस अभियान को 'गजब-ए-लिल-हक' नाम दिया था.

कितने लोगों की हुई मौत?

हालांकि, अफगानिस्तान का कहना है कि ये हमले काबुल के रिहायशी इलाकों में हुए, जिसके परिणामस्वरूप चार लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. रॉयटर्स के अनुसार अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन ने कहा कि काबुल के पुल-ए-चरखी जिले में किए गए हमलों में नागरिकों को जान-माल का नुकसान हुआ है.

जबीहुल्ला मुजाहिद ने क्या दी चेतावनी?

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इन हमलों की निंदा की है और इन्हें अपनी संप्रभुता का उल्लंघन बताया है. तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बीहुल्ला मुजाहिद ने पहले ही चेतावनी दी थी कि पाकिस्तान की इन कार्रवाइयों का जवाब जरूर दिया जाएगा. 

कैसी है इस्लामाबाद में स्थिति?

पाकिस्तान ने 'हमजा' मिलिट्री बेस पर हुए इस कथित हमले की पुष्टि नहीं की है. हालांकि इस घटना के बाद इस्लामाबाद में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस्लामाबाद के एंट्री पॉइंट्स पर कड़ी निगरानी रखने के आदेश दिए हैं. इस्लामाबाद में आने वाले कई रास्ते बंद कर दिए गए हैं और सुरक्षा जांच बढ़ा दी गई है.