वियतनाम के न्हा ट्रांग में 5 सितंबर को आयोजित 73वें मिस वर्ल्ड 2026 के भव्य ग्रैंड फिनाले में डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोला को मिस वर्ल्ड चुना गया. उन्होंने दुनिया भर के 110 देशों की सुंदरियों को पछाड़कर यह प्रतिष्ठित नीला ताज अपने नाम किया. इस प्रतियोगिता में स्पेन की एलिजाबेथ रेन्स पहली रनर-अप और मलेशिया की तानुसिया चेट्टी दूसरी रनर-अप रहीं. जोहेरी को 2025 की मिस वर्ल्ड थाईलैंड की ओपाल सुचाता चुआंगस्री ने ताज पहनाया.
इस साल का फिनाले मिस वर्ल्ड इतिहास के लिए बेहद खास रहा. 73वीं ताजपोशी होने के साथ-साथ इस सौंदर्य प्रतियोगिता ने अपने 75 साल भी पूरे कर लिए हैं. इस प्रतियोगिता की शुरुआत साल 1951 में लंदन से हुई थी. सात दशकों से अधिक का यह सफर वैश्विक प्रतिनिधित्व, बदलते सौंदर्य मानकों और अंतरराष्ट्रीय मंच के विकास का प्रतीक रहा है.
एक समर्पित शिक्षिका, कम्युनिटी एडवोकेट और कम्युनिकेटर जोहेरी मोला ने यूनिवर्सिडाड इबेरोअमेरिकाना से बिजनेस मैनेजमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन में डिग्री हासिल की है. वह 'वॉइसेज ऑफ टुमॉरो' संस्था की संस्थापक और अध्यक्ष हैं, जो वंचित समुदायों के बच्चों को अंग्रेजी शिक्षा से जोड़ने का काम करती है. वह अंग्रेजी में साहित्य और सामाजिक अध्ययन पढ़ाती हैं और यूनिविजन न्यूयॉर्क में संवाददाता के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं.
जोहेरी एक पेशेवर मॉडल होने के साथ-साथ 'गोया गिव्स' की ब्रांड एंबेसडर भी हैं. उनका मूल जीवन मंत्र है 'आप किसी को सबसे बड़ा उपहार वही दे सकते हैं, जिसकी जरूरत आपको कभी खुद आगे बढ़ने और जीवन बदलने के लिए पड़ी थी.' मिस वर्ल्ड का ताज जीतने के बाद अब वह अपने इस सामाजिक संदेश और मानवतावादी कार्य को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाएंगी.
इस प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व मध्य प्रदेश के उज्जैन की रहने वाली अभिनेत्री और थिएटर आर्टिस्ट निकिता पोरवाल ने किया. फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2024 का खिताब जीत चुकीं निकिता ने प्रतियोगिता में भारतीय संस्कृति और कला को बेहतरीन ढंग से पेश किया. 'डांसेज ऑफ द वर्ल्ड' राउंड में उन्होंने माता मीनाक्षी को समर्पित प्रस्तुति दी. निकिता पोरवाल ने मिस वर्ल्ड 2026 के टॉप 40 फाइनलिस्टों में अपनी जगह बनाई.