menu-icon
India Daily

फ्लाइदुबई विमान में टला '9/11' जैसा आतंकी हमला: भारतीय कैप्टन ने जान पर खेलकर बचाई 180 यात्रियों की जान

फ्लाइदुबई विमान में ओमानी को-पायलट के हमले के बाद भारतीय कैप्टन ने साहस दिखाते हुए दूसरा 9/11 जैसा हमला नाकाम कर दिया और 180 से अधिक यात्रियों की जान बचा ली.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
फ्लाइदुबई विमान में टला '9/11' जैसा आतंकी हमला: भारतीय कैप्टन ने जान पर खेलकर बचाई 180 यात्रियों की जान
Courtesy: X/@NewsXForge

Flydubai Flight Terror Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइदुबई (FZ1073) की उड़ान में एक भयानक आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया. इजरायली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विमान के ओमानी सह-पायलट ने मुख्य कैप्टन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और विमान को क्रैश करने या अगवा करने की कोशिश की. हालांकि, भारतीय मूल के साहसी कैप्टन ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और सह-पायलट का मुकाबला करते हुए 180 से अधिक यात्रियों की जान बचा ली.

ओमानी को-पायलट ने भारतीय कैप्टन पर किए चाकू से वार

प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार, उड़ान के दौरान अचानक कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आईं. ओमानी सह-पायलट ने भारतीय कैप्टन पर चाकू से कई वार किए, जिससे कॉकपिट में काफी खून फैल गया और विमान तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा. स्थिति को भांपते ही सामने की सीटों पर बैठे कुछ इजरायली यात्री तुरंत कॉकपिट की ओर भागे. यात्रियों ने हमलावर सह-पायलट को काबू में किया और उसे बाहर निकाला.

ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने संभाली कमान

घटना के वक्त विमान में यात्रियों के रूप में सफर कर रहे ऑफ-ड्यूटी पायलटों को तुरंत कॉकपिट में लाया गया. यात्रियों और एक इजरायली डॉक्टर की मदद से घायल भारतीय कैप्टन को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिससे उनकी जान बच सकी. इसके बाद ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने विमान का नियंत्रण अपने हाथों में लिया और विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबूक शहर में आपातकालीन लैंडिंग कराई. दोनों घायल पायलटों को इलाज के लिए तबूक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सुरक्षा चूक को लेकर जांच शुरू

इजरायली अधिकारियों ने इस घटना की तुलना 9/11 जैसे आतंकी हमले की साजिश से की है. अब जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि ओमानी सह-पायलट को इजरायल जाने वाली उड़ान के संचालन की अनुमति कैसे मिली. इजरायली सुरक्षा नियमों के अनुसार, अरब देशों के चालक दल के सदस्यों की सख्त सुरक्षा जांच होती है. यह भी जांच की जा रही है कि क्या हमलावर को-पायलट के पास दोहरी नागरिकता थी, जिसका फायदा उठाकर वह इस फ्लाइट में शामिल हुआ था.