UP Crime News: उत्तर प्रदेश के दिल्ली से सटे गाजियाबाद से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. दुनिया को न्याय दिलाने वाली एक महिला वकील के साथ ही शादी के नाम पर धोखा हो गया. मैट्रिमोनियल साइट से दोनों की शादी हुई थी. लड़के ने खुद को एमबीबीएस (MBBS) डॉक्टर बताया था, लेकिन शादी के बाद सुहागरात पर पता चला कि लड़का कोई डॉक्टर नहीं बल्कि जोमैटो का डिलिवरी बॉय (Zomato Delivery Boy) है. अब इस मामले को लेकर पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक मामला गाजियाबाद के विजय नगर थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाली एक लड़की पेशे से वकील है. साल 2011 में उसकी मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक लड़के से मुलाकात हुई. लड़के ने खुद को एमबीबीएस डॉक्टर बताया था. मैट्रिमोनियल साइट पर उउसने डॉक्टर की ड्रेस और स्टेथोस्कोप के साथ फोटो भी अपलोड किया था. लड़की के परिवार को रिश्ता अच्छा लगा तो उन्होंने शादी के लिए हां कर दी. शादी में लड़की वालों ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे.
लड़की का आरोप है कि शादी के बाद उसे पता चला कि लड़का काफी कम पढ़ा-लिखा है और वो कोई डॉक्टर नहीं, बल्कि फूड डिलिवरी कंपनी जोमैटो का डिलिवरी बॉय है. यह जानते ही दुल्हन के पैरों तले जमीन खिसक गई, लेकिन अपनी किस्मत मानकर उसने लड़के को अपना लिया. अब आरोप है कि पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है. छोटी-छोटी बातों पर झगड़ता है. जब सारी हदें पार हो गईं तो महिला ने वन स्टॉप सेंटर में शिकायत की है.
वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर अंजना चौहान ने बताया कि दोनों के बीच चार बार की काउंसलिंग कराई गई हैं, लेकिन दोनों ओर से समझौते की कोई गुंजाइश नहीं है. इसके बाद थाना विजयनगर में मामले को लेकर केस दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.