UP News: प्यार में कोई जात-पात...रंग-भेद... या सरहद नहीं होती है... हालांकि ये बातें आपने फिल्मों में ही सुनी होंगी, लेकिन उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में ऐसा हुआ है. यहां के एक गांव में रहने वाले हार्दिक वर्मा ने नीदरलैंड की गैबरीला डूडा से शादी की है. सात साल से दोनों प्रेम संबंध में थे. अब हाल ही में दोनों ने शादी की है, जिसके फोटो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं. तो जानते हैं हार्दिक और गैबरीला की प्रेम कहानी.
जानकारी के मुताबिक ये मामला फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र का है. यहां के दतौली गांव में रहने वाले हार्दिक वर्मा सात साल पहले नौकरी के लिए नीदरलैंड गए थे. वहां उन्होंने एक मेडिकल कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी की. बताया गया है कि इसी दौरान उनकी गैबरीला डूडा से मुलाकात हुई. दोनों में दोस्ती हो गई. इसी दोस्ती में धीरे-धीरे प्यार पनपने लगा. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एक दिन हार्दिक ने गैबरीला के घर जाकर उन्हें प्रपोज कर दिया.
गैबरीला भी हार्दिक को पसंद करती थीं तो उन्होंने प्रपोजल को हां कह दिया. इसके बाद दोनों करीब तीन साल से लिव-इन में रह रहे थे. बताया गया है कि हाल ही में हार्दिक ने अपने परिवार वालों से गैबरीला के साथ अपने प्रेम संबंध और शादी की बात बताई. इस पर परिवार वालों ने भी हां कह दी. पिछले हफ्ते हार्दिक और गैबरीला फतेहपुर पहुंचे. घर पहुंचने के बाद परिवार वालों ने शादी की तैयारी शुरू कर दी.
इसी बुधवार को हिंदू रिति-रिवाज के तहत हार्दिक और गैबरीला की शादी हुई. इसी दौरान गैबरीला को हल्दी लगाई गई. परिवार वालों ने दोनों को आशीर्वाद दिया. दोनों ने एक दूसरे को वरमाला भी पहनाई. उधर हार्दिक वर्मा और गैबरीला डूडा की शादी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. साथ ही हार्दिक की 'गोरी मैम' को देखने के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचे.