menu-icon
India Daily

शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद बड़ी वारदात; इलाके में तनाव

पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद हिंसा का दौर जारी है. कोलकाता के मध्यमग्राम में शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्र नाथ दत्त की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. पुलिस जांच जारी है.

KanhaiyaaZee
शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद बड़ी वारदात; इलाके में तनाव
Courtesy: Social Media

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी के साथ-साथ हिंसा की घटनाएं भी तेजी से बढ़ी हैं. ताज़ा मामला कोलकाता के मध्यमग्राम का है, जहां भाजपा के कद्दावर नेता और नवनिर्वाचित विधायक शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी सहयोगी और उनके निजी सहायक (PA) चंद्र नाथ दत्त की बुधवार देर रात हमलावरों ने निर्मम हत्या कर दी. इस हमले में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है.  

यह दर्दनाक हादसा मध्यमग्राम में उस वक्त हुआ जब चंद्र नाथ दत्त वहां मौजूद थे. चश्मदीदों के अनुसार, हमलावरों ने उन पर अचानक अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. जानकारी मिली है कि हमलावरों ने कम से कम चार राउंड फायरिंग की, जिनमें से एक गोली उन्हें बहुत करीब से मारी गई. गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार होने में सफल रहे.

गंभीर हालत में लाया गया अस्पताल, इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से घायल चंद्र नाथ दत्त को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, गोलियों के जख्म इतने गहरे थे कि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इस हमले में घायल हुए दूसरे व्यक्ति का इलाज अभी भी चल रहा है. इस खबर के मिलते ही शुभेंदु अधिकारी तुरंत अस्पताल के लिए रवाना हो गए.

शुभेंदु अधिकारी के बेहद करीबी थे दत्त

मृतक चंद्र नाथ दत्त पिछले लंबे समय से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और उनके सबसे विश्वसनीय सहयोगियों में गिने जाते थे. उनकी हत्या से भाजपा खेमे में भारी शोक और रोष व्याप्त है. भाजपा का कहना है कि यह एक सोची-समझी राजनीतिक हत्या है, जिसका मकसद पार्टी कार्यकर्ताओं को डराना है. पुलिस अब हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है.

चुनावी नतीजों के ऐलान के बाद से जारी है हिंसा का दौर

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर ममता बनर्जी के 15 साल पुराने शासन को उखाड़ फेंका है. लेकिन इस जीत के बाद से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में हिंसक झड़पें और हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं. भाजपा ने आरोप लगाया है कि उनकी शानदार जीत से बौखलाए विपक्षी गुंडे लगातार उनके कार्यकर्ताओं और नेताओं को निशाना बना रहे हैं, जिससे पूरे राज्य में असुरक्षा का माहौल है.