पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है. बता दें कि शनिवार को बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के साथ ही पांच मंत्रियों ने शपथ ली थी, सोमवार को सभी मंत्रियों को विभागों का बंटवारा करते हुए जिम्मेदारी सौंप दी गई है. दिलीप घोष को पंचायत के अलावा ग्रामीण विकास और कृषि विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं जबकि अग्निमित्रा पॉल को नगर विकास विभाग के साथ ही नारी एवं शिशु कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अशोक कीर्तनिया को खाद्य विभाग का जिम्मा दिया है जबकि खुधीराम टुडू को आदिवासी विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके साथ ही निशिथ प्रामाणिक खेल व युवा कल्याण विभाग के साथ ही उत्तर बंगाल विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे. बंगाल में मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे को प्रशासनिक और राजनीतिक रणनीति के हिसाब से अहम माना जा रहा है. जैसा कि पहले ही माना जा रहा था, सुवेंदु अधिकारी ने गृह विभाग अपने पास ही रखा है.
Suvendu Adhikari की नई Team Bengal, दिलीप घोष को ग्रामीण विकास, गृह मंत्रालय CM के पास, जानें किसे क्या मिला https://t.co/BZIEtNns8P #prabhasakshinews
— Prabhasakshi (@prabhasakshi) May 11, 2026
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के दो दिन के अंदर ही अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर प्रशासनिक कार्यों की रूपरेखा तय कर दी है. बता दें कि पश्चिम बंगाल मेंं बीजेपी पहली बार सत्ता में आई है. इस सरकार से बंगाल के लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं. विकास के लिहाज से काफी पिछले इस सूबे में लगातार तीन बार से तृणमूल कांग्रेस की सरकार थी, उससे पहले तीन दशक से अधिक समय तक बंगाल ने वाम मोर्चे का राज देखा है.