menu-icon
India Daily

आखिर क्यों रोकी गई वैष्णो देवी की यात्रा? रजिस्ट्रेशन काउंटर भी किया गया बंद

श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि रविवार सुबह 4 बजे से दोबारा रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा. हालांकि, यात्रा पूरी तरह कब तक बहाल होगी, इस पर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.

Anuj
Edited By: Anuj
आखिर क्यों रोकी गई वैष्णो देवी की यात्रा? रजिस्ट्रेशन काउंटर भी किया गया बंद
Courtesy: X

नई दिल्ली: चैत्र नवरात्र के बीच हिंदुओं के पवित्र स्थल वैष्ण देवी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. शनिवार को दोपहर तक करीब 39 हजार भक्त माता के दर्शन कर चुके थे, जिसके बाद भीड़ बढ़ने पर प्रशासन को यह फैसला लेना पड़ा. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है.

अधिकारियों के अनुसार, 19 मार्च से शुरू हुए नवरात्र पर्व के कारण हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटरा पहुंच रहे हैं. स्थिति यह हो गई कि भवन क्षेत्र और गुफा मंदिर के रास्तों पर अत्यधिक भीड़ जमा हो गई. इसी वजह से शनिवार शाम करीब 4 बजे यात्रा को रोकने की घोषणा की गई. पुलिस और श्राइन बोर्ड की ओर से लाउडस्पीकर के जरिए यात्रियों को सूचित किया गया.

'भीड़ को नियंत्रित करना जरूरी'

प्रशासन ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं का रजिस्ट्रेशन हो चुका है, उनमें से 10 हजार से ज्यादा लोग अभी भी रास्ते में हैं. ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करना जरूरी हो गया था. यात्रियों से अपील की गई है कि वे फिलहाल अपने होटल या ठहरने के स्थानों पर लौट जाएं और नए निर्देशों का इंतजार करे.

रजिस्ट्रेशन दोबारा शुरू किया जाएगा

श्राइन बोर्ड के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि रविवार सुबह 4 बजे से दोबारा रजिस्ट्रेशन शुरू किया जाएगा. हालांकि, यात्रा पूरी तरह कब तक बहाल होगी, इस पर अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. अनुमान है कि नवरात्रि समाप्त होने तक भीड़ का दबाव बना रह सकता है.

धाम में धार्मिक अनुष्ठान जारी

इस बीच मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान भी जारी हैं. गुरुवार से पवित्र शत चंडी महायज्ञ की शुरुआत हो चुकी है, जो नवरात्रि के दौरान विशेष महत्व रखता है. मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रों और पूजा-अर्चना का माहौल बना हुआ है, जहां देशभर से आए श्रद्धालु मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. कटरा बेस कैंप से लेकर मंदिर मार्ग तक कई स्तरों पर निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है, इसलिए हालात सामान्य होते ही यात्रा फिर से शुरू कर दी जाएगी.