Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मटन के नाम पर कथित तौर पर कुत्ते का मांस बेचे जाने को लेकर बवाल हो गया. मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग के कान खड़े हो गए और उन्होंने तुरंत मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए. खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग को खबर मिली थी कि बेंगलुरु में एक संदिग्ध मांस का आयात हुआ है. सूचना मिलते ही विभाग के कमिश्नर ने मामले की जांच के आदेश दिए. विभाग ने कहा कि मीट के नमूने इकट्ठा कर पिछली रात ही जांच के लिए लैब भेज दिए गए थे.
हिंदूवादी समूहों ने काटा था बवाल
शुक्रवार की शाम को केएसआर रेलवे स्टेशन पर कुछ हिंदूवादी समूहों ने एक विक्रेता पर आरोप लगाया कि वह मटन बताकर कुत्ते का मीट बेच रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि मीड के डिब्बों को जयपुर-मैसूर एक्सप्रेस के माध्यम से जयपुर से लाया गया था. हालांकि विक्रेता ने दावा किया कि वह कुत्ते मांस नहीं बल्कि मटन ही बेच रहा था. उसने कहा कि वह पिछले 12 सालों से यह धंधा कर रहा है. मामले के तूल पकड़ने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और मीट के सैंपल इकट्ठा किए और जांच के लिए लैब भेज दिया.
राजस्थान से लाए गए मीट के डिब्बे
कमिश्नर ने कहा कि जांच के दौरान हमने पाया कि राजस्थान से लाए गए मीट के डिब्बों को स्टेशन के बाहरी परिसर में खड़े एक वाहन में लोड किया जा रहा था. कुल 90 पार्सल थे, जांच के बाद पता चला कि उन डिब्बों में मीट है. मीट के सैंपल लेकर यह पता लगाने के लिए लैब भेजे गए हैं कि आखिर यह किस जानवर का मीट है.
मिलावट मिली तो होगी कठोर कार्रवाई
उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी तरह की मिलावट पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी. कमिश्नर ने कहा कि लैब की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कह भी कहा कि पार्सल भेजने वालों और पार्सल लेने वालों के बारे में यह पता लगाने की कशिश भी की जा रही है कि उनके पास FSSAI के लाइसेंस थे या नहीं. किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इंफोसिस के पूर्व सीएफओ ने जताई चिंता
इस घटना ने मीट खाने वाले बेंगलुरु के लोगों में चिंता पैदा कर दी है. दिग्गज आईटी कंपनी इंफोसिस के पूर्व सीएफओ ने इस घटना को लेकर ट्वीट कर कहा, 'यह बेहद चौंकाने वाला है, हमारी सरकार कब कार्रवाई करेगी.'