menu-icon
India Daily

'राहुल गांधी से जलती हैं, झूठ बोल रही हैं ममता बनर्जी...', 'दीदी' पर खूब बरसे अधीर रंजन चौधरी

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन की सहयोगी ममता बनर्जी राहुल गांधी से इसलिए जलती हैं क्योंकि राष्ट्रीय राजनीति में राहुल को बहुत ज्यादा महत्व मिल रहा है. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी नीति आयोग की बैठक को लेकर जो भी दावा कर रही हैं मुझे लगता है कि वह झूठ बोल रही हैं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी जानती थीं कि मीटिंग में क्या होने जा रहा है.

India Daily Live
'राहुल गांधी से जलती हैं, झूठ बोल रही हैं ममता बनर्जी...', 'दीदी' पर खूब बरसे अधीर रंजन चौधरी
Courtesy: social media

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर बरसे. उन्होंने ममता बनर्जी के उस दावे पर भी सवाल उठा दिए जिसमें ममता ने कहा था कि नीति आयोग की 9वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक में उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया था. ममता बनर्जी के दावे पर अधीर रंजन चौधरी ने उन पर झूठ बोलने का आरोप लगाया.

मुझे लगता है कि वह झूठ बोल रही हैं

अधीर रंजन चौधरी ने कहा, 'नीति आयोग की बैठक को लेकर ममता बनर्जी जो कह रही हैं, मुझे लगता है कि वह झूठ बोल रही हैं.' चौधरी ने आगे कहा, 'यह बहुत ही चौंकाने वाला है कि एक राज्य की मुख्यमंत्री ये कह रही हैं कि उन्हें बोलने नहीं दिया गया. ममता बनर्जी को पता था कि वहां क्या होने वाला है...उनके पास पूरी स्क्रिप्ट थी...वह जानती थीं कि मीटिंग में क्या होने जा रहा है.'

राहुल गांधी से जलती हैं ममता
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन की सहयोगी ममता बनर्जी राहुल गांधी से इसलिए जलती हैं क्योंकि राष्ट्रीय राजनीति में राहुल को बहुत ज्यादा महत्व मिल रहा है.

उन्होंने दावा किया, 'मैं समझता हूं कि जिस हिसाब से राहुल गांधी विपक्ष के नेता बने हैं और जिस हिसाब से राहुल गांधी में भारत के लोगों का भरोसा बढ़ा है इससे ममता बनर्जी के दिमाग में उनके प्रति जलन पैदा हो गई है.' चौधरी ने कहा कि ऐसा लगता है कि ममता बनर्जी की जलन उनको लेकर बहुत ज्यादा बढ़ गई है.

ममता ने कहा- केंद्र ने किया उनका अपमान

इससे पहले आज ममता बनर्जी दिल्ली में आयोजित हुई नीति आयोग की बैठक को बीच में छोड़कर चली गई थीं. उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया था कि केंद्र ने उन्हें पर्याप्त बोलने का समय ना देकर उनका अपमान किया.

केंद्र सरकार ने खारिज किए आरोप

हालांकि केंद्र ने ममता बनर्जी के दावे को खारिज करते हुए कहा कि ममता बनर्जी जो दावा कर रही हैं कि बैठक के दौरान उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया, उनका यह दावा पूरी तरह से भ्रामक है.