menu-icon
India Daily

मिडिल ईस्ट जंग में कितने भारतीय लोगों ने गंवाई अपनी जान? विदेश मंत्रालय ने दी पूरी जानकारी

मंत्रालय के मुताबिक, एक भारतीय नागरिक इजरायल में घायल हुआ है, जबकि दुबई में भी एक भारतीय के घायल होने की सूचना मिली है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

Anuj
Edited By: Anuj
मिडिल ईस्ट जंग में कितने भारतीय लोगों ने गंवाई अपनी जान? विदेश मंत्रालय ने दी पूरी जानकारी

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के बीच दो भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक अन्य व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने बुधवार को जानकारी देते हुए कहा कि सरकार इस घटना को गंभीरता से देख रही है और प्रभावित परिवारों के साथ संपर्क में है. उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

विदेश मंत्रालय के अनुसार, ये घटनाएं उस समय हुई जब भारतीय नागरिक व्यापारिक जहाजों पर सवार थे. संघर्ष प्रभावित समुद्री इलाके में इन जहाजों पर हमले किए गए, जिसके कारण यह हताहत हुए. मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान कुछ अन्य भारतीय नागरिक घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.

विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

मंत्रालय के मुताबिक, एक भारतीय नागरिक इजरायल में घायल हुआ है, जबकि दुबई में भी एक भारतीय के घायल होने की सूचना मिली है. अधिकारियों का कहना है कि दोनों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. विदेश मंत्रालय ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

'सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद महत्वपूर्ण' 

रणधीर जयसवाल ने बताया कि खाड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी रहते हैं. अनुमान के अनुसार खाड़ी सहयोग परिषद के देशों में लगभग एक करोड़ भारतीय नागरिक निवास करते हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भारत सरकार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. क्षेत्र में मौजूद भारतीय दूतावास और मिशन लगातार प्रवासी समुदाय से संपर्क बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर मदद पहुंचा रहे हैं.

दिल्ली में बना विशेष नियंत्रण कक्ष

मौजूदा हालात को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में 24 घंटे सक्रिय रहने वाला विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया है. यह केंद्र आपातकालीन कॉल और ईमेल के जरिए जानकारी प्राप्त कर प्रभावित देशों में भारतीय दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों के साथ समन्वय कर रहा है, ताकि जरूरतमंद लोगों को तुरंत सहायता मिल सके.

क्षेत्रीय नेताओं से संपर्क में भारत

विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम एशिया की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. वे संयुक्त अरब अमीरात, कतर, सऊदी अरब, ओमान, बहरीन, जॉर्डन, कुवैत और इजरायल के नेताओं से संपर्क में हैं. वहीं विदेश मंत्री एस जयशंकर भी ईरान सहित कई देशों के विदेश मंत्रियों से लगातार बातचीत कर हालात पर चर्चा कर रहे हैं.

खामेनेई की मौत के बाद बढ़ा तनाव

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव तेजी से बढ़ गया. इसके जवाब में ईरान ने इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया. इस टकराव का असर समुद्री व्यापार मार्गों और वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर भी देखने को मिल रहा है.