T20 World Cup 2026

अंधविश्वास के डर से पती ने ली 6 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी की जान, जबरन खिलाई अबॉर्शन की दवा; जानें चौंका देने वाली वजह

तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. छह महीने की गर्भवती एक महिला की शनिवार को गंभीर ब्लीडिंग के कारण मौत हो गई. आरोप है कि महिला के पति ने उसे जबरन गर्भपात (abortion) की गोली खिलाई थी.

Pinterest
Princy Sharma

Telangana News: तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. छह महीने की गर्भवती एक महिला की शनिवार को गंभीर ब्लीडिंग के कारण मौत हो गई. आरोप है कि महिला के पति ने उसे जबरन गर्भपात (abortion) की गोली खिलाई थी. मृतका की पहचान 23 वर्षीय प्रवल्लिका के रूप में हुई है, जिसकी शादी तीन साल पहले महाराष्ट्र के प्रशांत से हुई थी. उनके एक दो साल का बेटा भी है. यह कपल महाराष्ट्र में एक नया घर बना रहे थे.

परिवार वालों का आरोप है कि प्रशांत अंधविश्वास में विश्वास करता था और मानता था कि घर बनाने के समय महिला का गर्भवती होना अशुभ होता है. इसी वजह से उसने प्रवल्लिका पर गर्भपात का दबाव बनाया. यह घटना आदिलाबाद के बाहरी इलाके स्थित बंगारीगुड़ा कॉलोनी में हुई.

भारी ब्लीडिंग हुई शुरू

प्रवल्लिका के भाई वी. राजेश की शिकायत के अनुसार, प्रशांत ने उसे कोई अज्ञात दवाई दी, जिसे खाने के बाद प्रवल्लिका को तेज दर्द और भारी ब्लीडिंग शुरू हो गई. हालत बिगड़ने पर तुरंत राजीव गांधी इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS), आदिलाबाद में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसका गर्भपात हो गया और हालत और बिगड़ गई.

इलाज के दौरान हुई मौत

डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गांधी अस्पताल, सिकंदराबाद रेफर किया, लेकिन शनिवार शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए RIMS आदिलाबाद के मुर्दाघर में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 90 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. यह धारा उन मामलों में लगती है जहां गर्भवती महिला की जान, गर्भपात के इरादे से की गई किसी हरकत के कारण जाती है. पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या वाकई पति ने जबरदस्ती दवाइयां दीं और वे दवाइयां क्या थीं.

'...जबरदस्ती दवा दी'

वहीं, जांच अधिकारी सर्कल इंस्पेक्टर फणिधर ने बताया कि फिलहाल अंधविश्वास वाली बात की पुष्टि नहीं हुई है. उन्होंने कहा, 'परिवार वालों का आरोप है कि महिला को जबरदस्ती दवा दी गई. यह भी जांच का विषय है कि किस दवा का इस्तेमाल हुआ.' फिलहाल पुलिस पति की तलाश में जुटी है, जो घटना के बाद से फरार है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारण की पुष्टि होगी.