menu-icon
India Daily

तमिलनाडु में पिता बनने पर सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी 15 दिन की पैटरनिटी लीव, CM विजय का बड़ा फैसला

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए 15 दिन की पैटरनिटी लीव की घोषणा की है. विवाहित पुरुष कर्मचारी बच्चे के जन्म की संभावित तारीख से 15 दिन पहले या जन्म के छह महीने के भीतर यह छुट्टी ले सकेंगे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
तमिलनाडु में पिता बनने पर सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी 15 दिन की पैटरनिटी लीव, CM विजय का बड़ा फैसला
Courtesy: Pinterest

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सरकारी कर्मचारियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. राज्य में अब पुरुष सरकारी कर्मचारियों को बच्चे के जन्म पर 15 दिन की पैटरनिटी लीव यानी पितृत्व अवकाश मिलेगा. इस फैसले का उद्देश्य बच्चों की देखभाल और पालन-पोषण में पिता की भागीदारी को बढ़ावा देना है. तमिलनाडु में पहली बार पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए इस तरह की छुट्टी की सुविधा शुरू की गई है.

सरकार की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारी इस छुट्टी का लाभ उठा सकेंगे. वे बच्चे के जन्म की संभावित तारीख से 15 दिन पहले या बच्चे के जन्म के छह महीने के भीतर किसी भी समय 15 दिनों का अवकाश ले सकते हैं. मुख्यमंत्री विजय ने संबंधित अधिकारियों को इस नई व्यवस्था को लागू करने का निर्देश दिया है.

पिता को भी बच्चे की देखभाल के लिए मिलेगा समय

सरकार ने बताया कि पुरुष कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से पितृत्व अवकाश की मांग की जा रही थी. कर्मचारियों के इन अनुरोधों पर सकारात्मक विचार करते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है. सरकार का मानना है कि बच्चे के पालन-पोषण और देखभाल की जिम्मेदारी केवल मां की नहीं, बल्कि पिता की भी होती है.

इस फैसले के साथ तमिलनाडु ने कामकाजी पुरुषों को परिवार और बच्चे के लिए समय देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है. राज्य में पहले से ही महिला सरकारी कर्मचारियों को 365 दिनों का मातृत्व अवकाश दिया जाता है. अब पुरुष कर्मचारियों को भी बच्चे के जन्म के दौरान परिवार के साथ रहने और शुरुआती देखभाल में सहयोग करने का अवसर मिलेगा.

तमिलनाडु में निवेश को लेकर भी बड़ा ऐलान

पितृत्व अवकाश के फैसले से एक दिन पहले मुख्यमंत्री विजय ने राज्य में निवेश बढ़ाने के लिए आयोजित दूसरे वेट्री तमिलनाडु इन्वेस्टमेंट एंड कन्वर्जन कॉन्क्लेव में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं. इस कार्यक्रम में कुल 58,214 करोड़ रुपये के 78 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. इन प्रस्तावित परियोजनाओं से राज्य में 65,786 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 7,925 करोड़ रुपये की 15 परियोजनाओं की आधारशिला रखी. इनसे करीब 19,965 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है. वहीं, 1,430 करोड़ रुपये की छह पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया गया, जिनसे 1,710 लोगों को रोजगार मिला है. इस दौरान पांच कंपनियों में चयनित 18 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे गए.