menu-icon
India Daily

लंदन जाने से रोके जाने पर CJP प्रवक्ता सौरभ दास पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, कल होगी सुनवाई

दास को ब्रिटेन में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था. इनमें ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आयोजित एक पैनल चर्चा भी शामिल थी.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
लंदन जाने से रोके जाने पर CJP प्रवक्ता सौरभ दास पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, कल होगी सुनवाई
Courtesy: ANI

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरभ दास ने विदेश यात्रा से रोके जाने के सरकारी फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है. उनकी याचिका पर बुधवार, 26 नवंबर को सुनवाई होगी.

सौरभ दास के वकील ने मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे की अध्यक्षता वाली बेंच के सामने मामले का उल्लेख करते हुए तत्काल सुनवाई की मांग की थी. वकील ने बताया कि दास की लंदन के लिए 26 नवंबर की शाम को फ्लाइट है. हालांकि, अदालत ने मामले की सुनवाई अगले दिन करने का फैसला किया.

दिल्ली एयरपोर्ट पर रोकी गई थी यात्रा

सौरभ दास को 23 नवंबर 2026 की रात दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था. इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके पासपोर्ट के विवरण में कुछ गड़बड़ियां पाई थीं.

दास को ब्रिटेन में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेना था. इनमें ऑक्सफोर्ड यूनियन की ओर से आयोजित एक पैनल चर्चा भी शामिल थी. इसके अलावा उन्हें कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स और एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी में कॉकरोच मूवमेंट के बारे में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था.

पासपोर्ट कार्यालय ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

इस मामले में पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरभ दास को कारण बताओ नोटिस जारी किया था. इसमें पासपोर्ट के विवरण में मिली गड़बड़ियों पर जवाब मांगा गया और पूछा गया कि उनका पासपोर्ट जब्त क्यों नहीं किया जाना चाहिए.
उन्हें जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है. साथ ही स्पष्टीकरण देने तक मौजूदा पासपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है.

राजनीतिक सक्रियता के कारण रोकने का आरोप

सौरभ दास का आरोप है कि उन्हें यह नोटिस निर्धारित फ्लाइट से महज पांच घंटे पहले मिला. उन्होंने केंद्र सरकार पर राजनीतिक सक्रियता के कारण जानबूझकर विदेश यात्रा रोकने का आरोप लगाया है. दास का कहना है कि वह पहले भी इसी पासपोर्ट से विदेश यात्रा कर चुके हैं और उस समय कोई परेशानी नहीं हुई थी. अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई पर सबकी नजर है.