नई दिल्ली: भारत आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मना रहा है. इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था. इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी. प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लोकतांत्रिक सफर में संविधान ने क्या भूमिका निभाई है, इस पर एक लेख साझा किया. हालांकि, उनका लेख केवल संविधान के महत्व तक सीमित नहीं रहा.
पीएम मोदी ने देश में आपातकाल, संविधान संशोधन, चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने और जम्मू-कश्मीर के पुराने विशेष दर्जे जैसे मुद्दों पर पिछली सरकारों को घेरा. पीएम मोदी ने महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने, आरक्षण, संसद में विपक्ष की भूमिका और 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिलाने से जुड़े कानूनों के रास्ते में बाधा डाल रहा है.
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक अलग संदेश जारी कर देशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिया गया संविधान भारतीय लोकतंत्र की अनमोल विरासत है.
सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब एवं संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन. संविधान के रूप में उनके द्वारा दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी. Greetings on Constitution Day, a day to pay homage to the makers of our Constitution and an occasion to reaffirm our commitment to strengthening the values enshrined in it. बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपिताः. कथञ्चिन्न विलीयन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥
— Narendra Modi (@narendramodi) November 26, 2026
26 नवंबर 2026 को भारतीय संविधान को अपनाए जाने के 77 साल पूरे हो गए हैं. इस दिन का उद्देश्य संविधान सभा के योगदान को याद करना और देश के नागरिकों को संविधान में दिए गए अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना है.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों के योगदान को याद किया. उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की सभ्यतागत विरासत को साथ लेकर आधुनिक लोकतंत्र की मजबूत व्यवस्था तैयार करता है.
In this OpEd, I highlight the following: UNIQUENESS of our Constitution and Constituent Assembly. How the Constitution of India is an INSEPARABLE part of my journey. Ways the NDA Government has STRENGTHENED the Constitution. Efforts towards boosting SOCIAL AND ECONOMIC JUSTICE. I have also highlighted: How the Constitution was trampled over by those who ruled the nation for 5 decades. How one party has devolved from being a Virodh Paksh to AVRODH PAKSH. English - https://t.co/6g2CZtbOYg हिन्दी - https://t.co/CNDyRbDwmC
— Narendra Modi (@narendramodi) November 26, 2026
पीएम मोदी के मुताबिक, संविधान को केवल संसद और अदालतों तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे आम नागरिकों के जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि भारत जैसे विविधता वाले देश में संविधान की भावना को हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. देश में अलग-अलग धर्म, भाषाएं, परंपराएं और विचारधाराएं हैं. ऐसे में संविधान ही सभी को एक सूत्र में जोड़ने का काम करता है.
प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि उनकी सरकार ने एक दशक से ज्यादा समय पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था. इसका उद्देश्य खासतौर पर युवाओं को संविधान के बारे में जागरूक करना था.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में 1951 के पहले संविधान संशोधन का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकार ने पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले संविधान में बदलाव कर मौलिक स्वतंत्रताओं को सीमित करने का काम किया था.
पीएम मोदी ने कहा कि उस समय संसद में मौजूद सरकार को सीधे जनता से चुनावी जनादेश नहीं मिला था, फिर भी उसने अपने बहुमत का इस्तेमाल करते हुए संविधान में संशोधन किया. उनके अनुसार, इस कदम का उद्देश्य विरोध की आवाज को दबाना और चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करना था. यह प्रधानमंत्री का राजनीतिक आकलन है, जिसके जरिए उन्होंने शुरुआती वर्षों में संविधान में किए गए बदलावों पर सवाल उठाए.
इसके अलावा उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल और 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान किए गए इस संशोधन से न्यायपालिका की समीक्षा करने की शक्ति प्रभावित हुई और संवैधानिक संस्थाओं के बीच अधिकारों का संतुलन बदल गया.
उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों के बारे में भी पढ़ने की अपील की. प्रधानमंत्री का कहना था कि इन संशोधनों को समझने से यह पता चलेगा कि आपातकाल के दौर में संविधान की व्यवस्था में किस तरह के बदलाव किए गए थे.
इसके अलावा उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाएं. साथ ही पीएम मोदी ने अनुच्छेद 370 और 35A पर भी बात की. संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा भी उठाया. प्रधानमंत्री ने अपने लेख में कहा कि देश की नारी शक्ति को भरोसा दिलाते हैं कि महिलाओं को न्याय दिलाने के रास्ते में कोई ताकत बाधा नहीं बन सकती.
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख के अंत में संविधान के मूल्यों को भारत के भविष्य से जोड़ते हुए 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दोहराया. उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए सरकार और नागरिकों, दोनों को अपनी जिम्मेदारियां समझनी होंगी.
पीएम मोदी के मुताबिक, भारत को आगे बढ़ाने के लिए देश को प्राथमिकता देना और अपने कर्तव्यों का पालन करना जरूरी है. संविधान केवल सरकार चलाने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह नागरिकों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है.