menu-icon
India Daily

26/11 Mumbai Terror Attack: गोलियों की गूंज, 166 मौतें; जब 60 घंटे दहशत में रही मायानगरी

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की आज 18वीं बरसी है. करीब 60 घंटे तक चले इस हमले में 300 से अधिक लोग घायल हुए थे

reepu
Edited By: Reepu Kumari
26/11 Mumbai Terror Attack: गोलियों की गूंज, 166 मौतें; जब 60 घंटे दहशत में रही मायानगरी
Courtesy: Pinterest

26/11 Mumbai Attacks: मुंबई की सड़कों पर उस रात अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी थी. होटल, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक जगहों पर चीख पुकार मच गई थी. 26 नवंबर 2008 का वह दिन देश के इतिहास में ऐसी त्रासदी बनकर दर्ज हुआ, जिसे आज भी याद करके लोगों की रूह कांप उठती है. आज इस भयावह हमले की 18वीं बरसी पर देश उन 166 लोगों को श्रद्धांजलि दे रहा है, जिन्होंने अपनी जान गंवाई थी

समुद्र के रास्ते आए थे 10 आतंकी

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए लश्कर ए तैयबा के 10 हथियारबंद आतंकी मुंबई पहुंचे थे. उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताज महल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, लियोपोल्ड कैफे और कामा अस्पताल समेत कई जगहों को निशाना बनाया. अंधाधुंध गोलीबारी और विस्फोटों में 166 लोगों की मौत हुई, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हुए.

60 घंटे तक चला था आतंकियों के खिलाफ अभियान

हमले के बाद मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नौसेना के मरीन कमांडो और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) ने मोर्चा संभाला. कई जगहों पर आतंकियों ने लोगों को बंधक बना लिया था. सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच लंबी मुठभेड़ चली. करीब 60 घंटे तक चले संयुक्त अभियान के बाद हमले को समाप्त किया जा सका. इस दौरान कई बहादुर सुरक्षाकर्मियों ने देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया.

अजमल कसाब को फांसी

हमले में शामिल 10 आतंकियों में से अजमल कसाब को सुरक्षाकर्मियों ने जिंदा पकड़ लिया था. मुकदमे के बाद नवंबर 2012 में उसे फांसी दे दी गई. साजिश से जुड़े डेविड हेडली ने अमेरिकी अदालत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय अदालत में अपना बयान दर्ज कराया. वहीं, एक अन्य आरोपी तहव्वुर राणा को 2025 में अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया. 

तुकाराम ओंबले का बलिदान 

हर साल मुंबई पुलिस मुख्यालय और हमले में निशाना बनाए गए स्थानों पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है. लोग प्रेरणा स्थल पर भी जुटते हैं, जहां सहायक उपनिरीक्षक तुकाराम ओंबले की प्रतिमा स्थापित है. उन्होंने गिरगांव चौपाटी पर आतंकियों का मुकाबला करते हुए अजमल कसाब को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई थी. इस दौरान वे शहीद हो गए थे. उनका साहस आज भी देश के लिए प्रेरणा है.

हाफिज सईद समेत छह आरोपियों पर नजर

26/11 मामले में कानूनी कार्रवाई भी जारी है. लश्कर ए तैयबा के आतंकियों को हिंदी सिखाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल के खिलाफ मुकदमा चल रहा है. वहीं, हाफिज सईद और जकी उर रहमान लखवी समेत छह आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने के आदेशों की तामील अभी बाकी है. विशेष अदालत ने जुलाई 2026 में इस संबंध में आदेश जारी किए थे. अगस्त और सितंबर में अभियोजन पक्ष ने गृह मंत्रालय से इन आदेशों को लागू कराने का अनुरोध किया था, लेकिन उसे अब तक जवाब नहीं मिला है.