आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुमाला तिरुपति मंदिर को एक भक्त ने 121 किलोग्राम सोने के आभूषण चढ़ाए हैं. मंदिर का संचालन करने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अनुसार, इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 150 करोड़ से 160 करोड़ रुपये के बीच है. इसे मंदिर के इतिहास में किसी एक व्यक्ति की ओर से दिया गया सबसे बड़ा चढ़ावा बताया जा रहा है.
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस चढ़ावे में कुल 45 सोने के आभूषण शामिल हैं, जिन्हें नौ अलग-अलग सेट में तैयार किया गया है. इन आभूषणों को भगवान श्री वेंकटेश्वर को सिर से लेकर पैर तक सजाने के लिए विशेष रूप से बनवाया गया है. भक्त ने चढ़ावा देने से पहले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के अधिकारियों के साथ जरूरी बातचीत और प्रक्रिया पूरी की थी. 26 नवंबर को ये आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपे गए. यह चढ़ावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में दिया गया.
తిరుమల శ్రీవారికి రూ.206 కోట్ల విలువైన 121 కిలోల బరువుగల స్వర్ణాభరణాలను చెన్నైకి చెందిన వర ఫ్యూచర్ ఎల్.ఎల్.పి సంస్థ ఛైర్మన్ శ్రీ వర్ధమాన్ జైన్, రాధిక జైన్ దంపతులు విరాళంగా అందించారు. భక్తి, దాతృత్వానికి ప్రతీకగా నిలిచిన ఈ మహా విరాళాన్ని ముఖ్యమంత్రి శ్రీ నారా చంద్రబాబు నాయుడు వెల్లడించారు. #TTD #Tirumala #LordVenkateswara #GoldOrnamentsDonation #TTDofficialupdates
— Tirumala Tirupati Devasthanams (@TTDevasthanams) November 26, 2026
मंदिर प्रशासन ने 26 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस विशेष चढ़ावे की जानकारी साझा की. TTD ने इसे एक भक्त की ओर से दिया गया असाधारण चढ़ावा बताया. पोस्ट में आभूषणों का कुल वजन 121 किलोग्राम बताया गया. इस भारी-भरकम चढ़ावे के सामने आने के बाद मंदिर प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच इसकी चर्चा हो रही है. TTD से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यह भगवान वेंकटेश्वर को अब तक किसी एक व्यक्ति की ओर से दिया गया सबसे बड़ा चढ़ावा है.
चेन्नई भक्त ने तिरुमला मंदिर को 121 KG सोना दान किया #Tirumala #GoldDonation #ViralVideo #Devotion #Trending #Temple #IndiaDaily24x7 https://t.co/taeOa7Oybj
— India Daily 24x7 (@IndiaDaily_24X7) November 26, 2026
क्यों खास है तिरुमाला का वेंकटेश्वर मंदिर?
आंध्र प्रदेश के तिरुमाला में स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर देश के सबसे प्रसिद्ध और व्यस्त धार्मिक स्थलों में शामिल है. यह मंदिर भगवान विष्णु के अवतार भगवान वेंकटेश्वर को समर्पित है. यहां हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं. भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार मंदिर में नकद राशि, सोना, आभूषण और दूसरी कीमती चीजें दान करते हैं. इन चढ़ावों का प्रबंधन तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम करता है. इस बार 121 किलो सोने का चढ़ावा अपने भारी वजन और अनुमानित कीमत के कारण खास चर्चा में है.
प्रसिद्ध उद्योगपति और समाजसेवी वर्धमान जैन ने यह महादान दिया है. मुख्यमंत्री की मौजूदगी में यह दान दिया गया. वर्धमान जैन इससे पहले भी महादान कर चर्चा में आते रहे हैं और साल 2019 से नियमित तौर पर तिरुपति मंदिर को दान करते रहे हैं. इसी साल मई में उन्होंने मंदिर को इलेक्ट्रिक बसें दान की थीं. इसके अलावा श्री वेंकटेश्वर भक्ति चैनल के लिए उन्होंने 7 करोड़ रुपए का दान दिया था.