Amir Khan Muttaqi India Visit: अफगानिस्तान के तालिबान विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी 6 दिवसीय यात्रा पर भारत आ चुके हैं. इस दौरान वो भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे. ऐसी उम्मीद लगाई जा रही है कि इनकी मुलाकात राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल जैसे अन्य शीर्ष भारतीय नेताओं से भी हो सकती है. बता दें कि यह पहली बार है जब कोई वरिष्ठ तालिबानी नेता आधिकारिक तौर पर भारत का दौरा कर रहा है.
बता दें कि भारत, दुनिया के अधिकांश देशों की तरह, तालिबान सरकार को आधिकारिक तौर पर मान्यता नहीं देता है. लेकिन इस यात्रा को किसी नए काम या फिर संबंध बनाने की दिशा में एक कदम के तौर पर देखा जा रहा है. वह पांच सदस्यीय टीम के साथ भारत आए हैं. इसमें तालिबान सरकार के विदेश और व्यापार विभागों के महत्वपूर्ण अधिकारी शामिल हैं.
बता दें कि 10 अक्टूबर को, मुत्ताकी के हैदराबाद हाउस में जयशंकर के साथ बैठक कर सकते हैं. वो संभवतः सुरक्षा, आतंकवाद, अफगान स्टूडेंट्स और मरीजों के लिए वीजा और भारत में तालिबान की बढ़ती उपस्थिति पर चर्चा करेंगे.
11 अक्टूबर को, मुत्ताकी उत्तर प्रदेश के एक प्रसिद्ध इस्लामी स्कूल, दारुल उलूम देवबंद का दौरा कर सकते हैं. कहा जाता है कि कई तालिबानी नेता इस मदरसे को बहुत मानते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि पाकिस्तान में उनके अपने स्कूल इसी से प्रेरित थे. कुछ टॉप तालिबान नेता ऐसे भी हैं, जो अतीत में इसी तरह के स्कूलों में पढ़ाई कर चुके हैं.
12 अक्टूबर को, वह भारत के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक, ताजमहल देखने आगरा जाएंगे. फिर अगले दिन, वह नई दिल्ली में एक प्रोग्राम में भारतीय व्यापारिक नेताओं से मिलेंगे.
13 अक्टूबर को, मुत्ताकी भारत में रहने वाले अफगानों से भी मिलेंगे. उनके 15 अक्टूबर को काबुल के लिए रवाना होने की उम्मीद है.