सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक के एक मामले में सुनवाई करते हुए बीजेपी उम्मीदवार पर तल्ख टिप्पणी की है। दो सदस्यीय खंडपीठ ने श्रंगेरी विधानसभा सीट पर दोबारा मतगणना के बाद बीजेपी उम्मीदवार को विजेता घोषित किए जाने पर रोक लगा दी और पहले विजयी घोषित कांग्रेस उम्मीदवार की विधायकी बहाल करने के आदेश दे दिए। दरअसल यह विवाद पोस्टल बैलेट की वैधता को लेकर उपजा था। बीजेपी के उम्मीदवार ने पोस्टल बैलेट की वैद्यता को लेकर कर्नाटक हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। हाईकोर्ट के आदेश पर दुबारा वोटों की गिनती हुई और उसके बाद 255 वोट खारिज करते हुए बीजेपी उम्मीदवार को विजयी घोषित कर दिया गया. बाद में कांग्रेस उम्मीदवार की ओर से मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा था.
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक की श्रंगेरी विधानसभा सीट से विधानसभा चुनाव-2023 में कांग्रेस उम्मीदवार टीडी राजगौड़ा को 201 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया गया था. बीजेपी उम्मीदवार डीएन जीवराज नतीजों के खिलाफ हाईकोर्ट चले गए और पोस्टल बैलेट की वैद्यता के साथ ही भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. कर्नाटक हाईकोर्ट ने 6 अप्रैल को मामले की सुनवाई करने के बाद पोस्टल वोटों की दोबारा गिनती और 279 पोस्टल मतों के सत्यापन का आदेश दिया था.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद 3 मई को पोस्टल वोटों की दुबारा गिनती की गई और 255 पोस्टल वोट खारिज कर दिए गए, ये सभी वोट कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में थे. 201 वोटों के मामूली अंतर से विजयी घोषित कांग्रेस के टीडी राजगोड़ा के मुकाबले बीजेपी के डीएन जीवराज को विजयी घोषित कर दिया गया.
3 मई को घोषित किए गए नतीजों को कांग्रेस उम्मीदवार टीडी राजगोड़ा ने सुप्रीम कोर्ट में चेलेंज किया. मामले की सुनवाई करते हुए सोमवार को जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की खंडपीठ ने “स्टेटस को” (दुबारा मतगणना से पहले की स्थिति) रखने के आदेश देते हुए टीडी राजगोड़ा की विधायकी बहाल कर दी है. राजगोड़ा के अधिवक्ता तुषार गिरी ने कोर्ट को बताया था कि हाईकोर्ट ने केवल 279 पोस्टल वोटों का सत्यापन करने के आदेश दिए थे जबकि रिटर्निंग आफिसर ने 562 वैध मतों का भी सत्यापन किया और 255 वोट खारिज कर दिए. सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी उम्मीदवार पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा है कि “हम आपको लोकतंत्र को हाईजैक करने की इजाजत नहीं दे सकते.”