menu-icon
India Daily

'भारत का दुश्मन कौन?' जानें संबित पात्रा ने किस-किस पर साधा निशाना

संबित पात्रा ने भुवनेश्वर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सत्ता परिवर्तन की मांग करने वालों को भारत का दुश्मन बताया और बांग्लादेश का उदाहरण देने वालों पर निशाना साधा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'भारत का दुश्मन कौन?' जानें संबित पात्रा ने किस-किस पर साधा निशाना
Courtesy: Pinterest

बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भुवनेश्वर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भारत का दुश्मन कौन है. पात्रा ने आरोप लगाया कि जो लोग विदेश जाकर भारत में सत्ता परिवर्तन, हिंसा और चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने की बातें सीखते हैं, वे देश के दुश्मन हैं.

संबित पात्रा ने कहा कि भारत का दुश्मन वह व्यक्ति है, जो विदेश जाकर विदेशी ताकतों से यह सीखकर आता है कि भारत में तख्तापलट कैसे किया जाए, आगजनी कैसे की जाए और हिंसा कैसे भड़काई जाए. उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग कहते हैं कि बांग्लादेश ने उन्हें रास्ता दिखाया है, उन्हें लेकर भी देश को सावधान रहना चाहिए.

बांग्लादेश का जिक्र कर विपक्ष पर हमला

पात्रा ने कहा कि कुछ लोग बांग्लादेश को प्रेरणा स्रोत बताते हैं और वहां से सीखने की बात करते हैं. उनके मुताबिक, भारत धार्मिक कट्टरपंथी देश नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग धार्मिक कट्टरपंथ के खिलाफ लड़ाई के नाम पर सत्ता परिवर्तन की मांग करते हैं, वे भारत के दुश्मन हैं.

बीजेपी नेता ने कहा कि ऐसे लोगों के साथ भारत के दुश्मनों जैसा व्यवहार किया जाना चाहिए. उन्होंने प्रशांत भूषण का नाम लेते हुए भी सत्ता परिवर्तन से जुड़ी कथित टिप्पणियों का जिक्र किया और लोगों को ऐसे लोगों से सावधान रहने की बात कही.

लोकतांत्रिक तरीके से होगा 'दहन'

संबित पात्रा ने दशहरे का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के दुश्मनों का दहन लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह काम वोट और जनता की जागरूकता के माध्यम से होगा. उनके मुताबिक, जनता के सामने सच्चाई रखकर उन ताकतों का विरोध किया जाएगा, जिन्हें वह भारत के खिलाफ मानते हैं.

जाकिर नाइक का भी लिया नाम

बीजेपी प्रवक्ता ने इस दौरान जाकिर नाइक का भी उदाहरण दिया. उन्होंने उसे आतंकवादी बताया और आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने राजीव गांधी फाउंडेशन के लिए उससे पैसे लिए थे. पात्रा ने दावा किया कि जाकिर नाइक फिलहाल कुआलालंपुर में है और एक कथित स्टिंग ऑपरेशन में उसने भारत लौटने से जुड़ी बातें कही थीं.

पात्रा ने आरोप लगाया कि दाऊद इब्राहिम और जाकिर नाइक जैसे लोग सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, ताकि वे भारत लौट सकें. उन्होंने कहा कि देश के कई दुश्मन सत्ता परिवर्तन की इच्छा रखते हैं.

राहुल गांधी पर साधा निशाना

संबित पात्रा ने राहुल गांधी को लेकर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि सत्ता परिवर्तन की मांग करने वाले उनके सरगना चाहते हैं कि राहुल गांधी बिना चुनाव लड़े ही लॉन्च हो जाएं. पात्रा ने राहुल गांधी की तुलना सैटेलाइट से करते हुए कहा कि सैटेलाइट को भी लॉन्च करने के लिए ईंधन की जरूरत होती है. उन्होंने तंज किया कि राहुल गांधी के पीछे ईंधन नहीं है और उनका सारा ईंधन खत्म हो चुका है.

यह बयान ऐसे समय में आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दशहरा कार्यक्रम के दौरान देश के खिलाफ बताई गई तीन ताकतों का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा था. इसके अगले दिन संबित पात्रा ने विपक्ष पर हमला तेज करते हुए सत्ता परिवर्तन और भारत के कथित दुश्मनों को लेकर कई आरोप लगाए.