पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने मंगलवार को ऐलान किया कि अगर 5 जून तक कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वह 6 जून को कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे. वांगचुक ने कॉकरोच जनता पार्टी की शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया. वांगचुक ने एक्स और इंस्टाग्राम पर लिखा, 'अगर 5 जून तक कुछ नहीं बदला तो मैं 6 जून को दिल्ली में सीजेपी के सदस्यों के साथ शामिल हो जाऊंगा. अगर हालात इतने बिगड़ जाते हैं तो किसी भी स्वाभिमानी मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए...'
बता दें कि सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दिपके नीट पेपर लीक और सीबीएसई विवाद को लेकर 6 जून को दिल्ली में धरना देने जा रहे हैं. दिपके ने ऐलान किया कि एक प्रख्यात व्यक्तित्व हमारे इस विरोध प्रदर्शन का समर्थन करेंगे. इस ऐलान से पहले दिपके ने कहा कि इंतजार खत्म हुआ, वहीं पार्टी के बैकअप अकाउंट पर कहा गया कि एक बड़ा ऐलान होने वाला है.
एक वीडियो संदेश में वांगचुक ने कहा कि उन्होंने दिपके से बात की और उनके द्वारा शेयर किए गए डेटा को रिव्यू किया. उन्होंने कहा कि मैं इस बात से संतुष्ट हूं कि इस आंदोलन में युवाओं के मुद्दे उठाए जाएंगे. वांगचुक ने आगे कहा कि दिपके का इरादा देश के हालातों में सुधार का है.
IF NOT US, WHO?
— Sonam Wangchuk (@Wangchuk66) June 2, 2026
IF NOT NOW, WHEN !
I will be joining the CJP members in Delhi on 6th June if nothing changes by 5th June. Any self respecting Minister should resign if things go so wrong... Not to mention the effect on millions of young lives and in fact the future of India.… pic.twitter.com/A6XswLSs12
वांगचुक ने कहा, 'दोस्तों, अपनी आखिरी पोस्ट में मैंने तुमसे कहा था कि कॉकरोच जनता पार्टी भारत के युवाओं की अभिव्यक्ति है और यह विदेशी शक्तियों का षड्यंत्र नहीं है. इसके बाद आप लोगों ने कमेंट किए. दिपके जी से मेरी बात हुई. उन्होंने मेरे साथ डेटा शेयर किया. जिन्हें में आपके साथ शेयर कर रहा हूं और उनसे बात करने के बाद मैं कह सकता हूं कि उनके इरादे गलत नहीं हैं. वे बहुत ही देशभक्त हैं लेकिन वह देश की तरक्की के लिए बलिदान दे रहे हैं.'