नई दिल्ली: रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव इस समय सुर्खियों में हैं. इसका कारण है उनकी एक पत्रकार पर नाराजगी. दरअसल नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सर्गेई एक पत्रकार पर नाराज हो गए. यह घटना BRICS समिट के दौरान हुई है जहां लावरोव मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे. बताया जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार बार-बार फोन पर बात कर रहा था जिससे प्रेस कॉन्फ्रेंस में रुकावट पैदा हो रही थी
जानकारी के अनुसार शुरुआत में लावरोव ने इस रुकावट को नजरअंदाज करने की कोशिश की और अपनी बात जारी भी रखी. लेकिन जब पत्रकार की फोन पर बातचीत लगातार होती रही तब जाकर उन्होंने बीच में रुककर प्रतिक्रिया दी. पहले उन्होंने हल्के मजाकिया अंदाज में कहा- 'या तो आप यहां से चले जाइए या अपना फोन बंद कर दीजिए.'
उनके इस बयान पर वहां मौजूद लोगों के बीच हल्की हंसी भी सुनाई दी. हालांकि कुछ देर बाद भी जब ये सब जारी रहा तो लावरोव ने थोड़े सख्त लहजे में कहा- 'मैं मजाक नहीं कर रहा हूं. अगर आपने फोन नहीं रखा, तो वे बंदूक निकाल लेंगे.' उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग इस वीडियो को तेजी से शेयर कर रहे हैं. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तरह-तरह के कमेंट किए. कुछ लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया तो कई लोगों ने ऑफिशियल प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिसिप्लिन और एटीकेट पर चर्चा शुरू कर दी.
यहां देखें वीडियो
Sir, if you don't surrender your phone, they will take out a gun."
— MOSCOW NEWS 🇷🇺 (@MOSCOW_EN) May 15, 2026
At Lavrov's press conference, the journalist interrupted him twice by talking on the phone.
The Russian FM gave him a lesson in etiquette. pic.twitter.com/6hWkbgBf47
दरअसल सर्गेई लावरोव भारत में BRICS देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए तीन दिन के दौरे पर आए थे. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात की. दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई है. लावरोव का यह दौरा भारत-रूस संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है लेकिन उनकी वायरल प्रेस कॉन्फ्रेंस ने इस यात्रा को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है.