Rajya Sabha Election 2026: राज्यसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी हो गया है. चुनाव आयोग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होगा. इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक खाली राज्यसभा सीट पर उपचुनाव भी इसी दिन कराया जाएगा. मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और वोटों की गिनती शाम 5 बजे से शुरू होगी.
चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 29 सितंबर को जारी होगा. उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे. पूरी चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी होनी है.
उत्तर प्रदेश में जिन 10 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें हरदीप सिंह पुरी, अरुण सिंह, बृजलाल, सीमा द्विवेदी और राम गोपाल यादव जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं. इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त हो रहा है. राज्यसभा का चुनाव सीधे जनता नहीं करती. राज्यों से राज्यसभा सदस्यों का चुनाव संबंधित विधानसभा के निर्वाचित विधायक प्रोपोर्शनल रिप्रेजेंटेशन और सिंगल ट्रांसफरेबल वोट सिस्टम के जरिए करते हैं.
Election Commission announces Biennial Elections in Uttar Pradesh (10 seats) and Uttarakhand (1 seat) and a by-election in West Bengal.
— SansadTV (@sansad_tv) September 22, 2026
Date of poll: October 16, 2026
Date of counting of votes: October 16, 2026@SpokespersonECI @SpokespersonECI pic.twitter.com/qBeNzPM4lX
यूपी विधानसभा में अलग-अलग दलों और गठबंधनों की मौजूदा संख्या इन चुनावों में महत्वपूर्ण होगी. मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के पास करीब 292 विधायक हैं, जबकि समाजवादी पार्टी के पास 100 से अधिक विधायक हैं. हालांकि, अंतिम नतीजा उम्मीदवारों, नामांकन और मतदान के दौरान विधायकों के वोटों पर निर्भर करेगा. उत्तराखंड की एक सीट और पश्चिम बंगाल की एक खाली सीट के लिए भी 16 अक्टूबर को मतदान होगा.