चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में इस समय बड़ा सियासी ड्रामा चल रहा है. अभिनेता से नेता बने विजय और उनकी पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) ने विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया है. इसके बाद भी टीवीके बहुमत से कुछ सीटें पीछे रह गई. इसके कारण सरकार के गठन पर सस्पेंस बना हुआ है. इसी बीच राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा बहुमत साबित करने की मांग किए जाने पर अभिनेता प्रकाश राज ने खुलकर विजय का सपोर्ट किया है उन्होंने राज्यपाल के रवैये को असंवैधानिक बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है.
मशहूर अभिनेता प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विजय के सपोर्ट में खुलकर अपनी बात रखी. दरअसल एक यूजर ने विजय का वीडियो साझा किया था जिसमें वह राज्यपाल से मुलाकात के लिए जाते दिखाई दे रहे हैं. इसके साथ ही पोस्ट में राज्यपाल की भूमिका पर सवाल भी खड़े किए गए थे. इसी पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए प्रकाश राज ने कहा कि वैचारिक मतभेद होने के बावजूद विजय को जनता का जनादेश मिला है और उन्हें सदन में बहुमत साबित करने का पूरा अधिकार दिया जाना चाहिए. उन्होंने राज्यपाल के व्यवहार को 'अस्वीकार्य और असंवैधानिक' बताया है.
गौरतलब है कि तमिलनाडु विधानसभा की 234 सीटों में से टीवीके को 108 सीटें मिली हैं. जीत का यह आंकड़ा सबसे ज्यादा जरूर है, लेकिन सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 सीटों से कम है. कांग्रेस के समर्थन के बाद गठबंधन का आंकड़ा 112 तक पहुंचा गया है फिर भी बहुमत से पांच सीटें अभी भी दूर है. इसी कारण राज्यपाल ने विजय से समर्थन देने वाले विधायकों की सूची और स्पष्ट बहुमत का दावा पेश करने के लिए कहा है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पार्टी के आला नेताओं ने विजय को कानूनी विकल्पों पर विचार करने की सलाह भी दी है.
This Governor s behaviour is Disgusting .. unacceptable and unconstitutional. We may have differences … but Vijay has got the mandate . He should be allowed to claim his right on the floor of the house. #justasking https://t.co/T72CVedXhJ
— Prakash Raj (@prakashraaj) May 7, 2026
खास बात यह है कि विजय की यह पार्टी सिर्फ दो साल पहले ही बनी है लेकिन पहले ही चुनाव में तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर कर दिया है. पार्टी ने डीएमके और एआईएडीएमके जैसी मजबूत द्रविड़ पार्टियों को कड़ी टक्कर देते हुए सबसे ज्यादा सीटें हासिल कीं हैं. चुनाव नतीजों के बाद विजय के मुख्यमंत्री बनने की चर्चा तेज हो गई थी, लेकिन बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं होने से मामला उलझ गया. भाजपा नेता नारायणन तिरुपति ने इसे 'फ्रैक्चर्ड मैंडेट' करार दिया है. राज्य में अब सभी की नजरें अगले राजनीतिक कदम पर टिकी हुई हैं.
इतनी बड़ी राजनीतिक सफलता के बाद अब माना जा रहा है कि अब विजय फिल्मों से दूरी बना सकते हैं. उनकी आखिरी फिल्म 'जन नायकन' अभी रिलीज नहीं हो पाई है. फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी नहीं मिली है, जिसके कारण रिलीज टल गई है. इससे पहले अप्रैल में फिल्म की एचडी प्रिंट ऑनलाइन लीक भी हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया था. विजय के राजनीतिक भविष्य और फिल्मी करियर को लेकर उनके फैंस के बीच लगातार चर्चा बनी हुई है.