menu-icon
India Daily

आज फिर देश से संवाद करेंगे पीएम मोदी, मन की बात के 134वें एपिसोड का इंतजार; जानें क्या होंगे बड़े मुद्दे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह 11 बजे 'मन की बात' के 134वें एपिसोड को संबोधित करेंगे. चलिए जानते हैं आज किन-किन विषयों पर कर सकते हैं चर्चा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
आज फिर देश से संवाद करेंगे पीएम मोदी, मन की बात के 134वें एपिसोड का इंतजार; जानें क्या होंगे बड़े मुद्दे
Courtesy: @mannkibaat X account

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 134वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित करेंगे. यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे प्रसारित किया जाएगा. देशभर के लोग इसे आकाशवाणी, डीडी न्यूज और विभिन्न सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुन और देख सकेंगे. 

कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्सुकता बनी हुई है क्योंकि प्रधानमंत्री अक्सर इस मंच के माध्यम से समाज, संस्कृति, नवाचार, शिक्षा, पर्यावरण और देश की उपलब्धियों से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हैं. 'मन की बात' कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी और देश के नागरिकों के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है. 

इस कार्यक्रम में किन-किन विषयों पर होती है बात?

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की कहानियां साझा करते हैं और देशवासियों को प्रेरित करने वाले उदाहरणों का उल्लेख करते हैं. इसके अलावा राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों और सामाजिक अभियानों पर भी अपने विचार रखते हैं.

आज कौन सा एपिसोड होगा प्रसारित?

आज 134वें एपिसोड में प्रधानमंत्री विभिन्न समसामयिक विषयों पर अपने विचार साझा कर सकते हैं. कार्यक्रम में देश के विकास, सामाजिक पहल, युवाओं की उपलब्धियों, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और जनभागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि कार्यक्रम की विषयवस्तु का आधिकारिक विवरण पहले से जारी नहीं किया गया है.

पिछला एपिसोड में पीएम ने क्या कहा था?

पिछला एपिसोड 27 अप्रैल को प्रसारित हुआ था. प्रधानमंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार के समर्पित अभिलेख पटल पोर्टल की विशेषताओं पर प्रकाश डाला था. उन्होंने बताया था कि इस डिजिटल मंच के जरिए भारत के इतिहास से जुड़े दो करोड़ से अधिक महत्वपूर्ण और अमूल्य दस्तावेजों तक पहुंच संभव हुई है. उन्होंने कहा था कि यह पहल शोधकर्ताओं, छात्रों और इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है.

अपने पिछले संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने प्रौद्योगिकी की भूमिका पर विशेष जोर दिया था. उन्होंने कहा था कि तेजी से बदलती दुनिया में तकनीक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई है. तकनीक न केवल वर्तमान को आसान बना रही है बल्कि लोगों को उनके इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण काम कर रही है. उन्होंने डिजिटल माध्यमों के जरिए ऐतिहासिक दस्तावेजों को सुरक्षित रखने और लोगों तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की थी.