menu-icon
India Daily

बंगाल के बाद सिक्किम पहुंचे PM मोदी, युवाओं के साथ फुटबॉल खेलते आए नजर; सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय दो दिवसीय यात्रा पर सिक्किम पहुंचे हैं. इसी बीच आज यानी मंगलवार की सुबह उन्हें युवाओं के साथ फुटबॉल खेलते देखा गया है. जिसकी तस्वीर उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर शेयर भी की है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
बंगाल के बाद सिक्किम पहुंचे PM मोदी, युवाओं के साथ फुटबॉल खेलते आए नजर; सोशल मीडिया पर शेयर किया पोस्ट
Courtesy: X (@narendramodi)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इधर कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर काफी व्यस्त थे. पहले चरण में भारी वोटिंग के बाद दूसरे चरण के लिए प्रचार और भी जोर-शोर से किया गया. हालांकि अब प्रचार का दौर थम चुका है. इसी बीच पीएम मोदी सिक्किम पहुंचे हैं. 

दो दिवसीय सिक्किम दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी को आज यानी मंगलवार को सुबह-सुबह गंगटोक में युवाओं के बीच फुटबॉल खेलते देखा गया. उन्होंने खुद इस पल की खास तस्वीर सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की. जिसके साथ उन्होंने लिखा कि युवा मित्रों के साथ सुबह-सुबह फुटबॉल खेलने से अच्छा और कुछ नही.

फुटबॉल और बंगाल का गहरा नाता

पीएम मोदी द्वारा साझा की गई तस्वीर अब काफी वायरल हो रही है. विश्लेषक पीएम मोदी की फुटबॉल खेलते तस्वीरों को सिर्फ सिक्किम दौरा नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल में भी संदेश देने की रणनीति के रूप में देख रहे हैं. पश्चिम बंगाल में फुटबॉल सिर्फ खेल नहीं, बल्कि भावना और संस्कृति का हिस्सा है. कोलकाता क्लब फुटबॉल का बड़ा केंद्र माना जाता है, जबकि राज्य के गांव-गांव में फुटबॉल क्लब सक्रिय हैं. विश्व कप जैसे बड़े मुकाबलों के दौरान कोलकाता और पूरे बंगाल की सड़कें लगभग सुनसान हो जाती हैं क्योंकि लोग मैच देखने में जुट जाते हैं.

सिक्किम के 51 साल पूरे 

चुनाव प्रचार समाप्त होते ही पीएम मोदी का फुटबॉल मैदान पर उतरना और गोल करके जश्न मनाना कई राजनीतिक पर्यवेक्षकों द्वारा स्मार्ट रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. विश्लेषकों का मानना है कि इससे पश्चिम बंगाल के युवा वोटरों और खेल प्रेमियों तक एक सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया है.

सिक्किम पहुंचने के पहले दिन सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगटोक में मेगा रोड शो किया. सड़कों पर दोनों तरफ भारी भीड़ उमड़ी और लोग पीएम मोदी की एक झलक पाने के लिए उत्सुक नजर आए. दो दिवसीय दौरे के दौरान पीएम मोदी सिक्किम के भारत में विलय के 51 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. इस मौके पर राज्य में विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन योजनाओं से सिक्किम के बुनियादी ढांचे, पर्यटन, स्वास्थ्य और युवा विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है.